कासं|सवाईमाधोपुर राजस्थान की माटी से निकलकर मायानगरी मुंबई में अपनी अभिनय कला से पहचान बना रहे युवा अभिनेता मरुधर शेखावत हाल ही में एक दिवसीय दौरे पर रणथंभौर पहुंचे। उनका यहाँ रणथंभौर नेशनल पार्क का भ्रमण करने का कार्यक्रम था, लेकिन खराब मौसम के चलते वे सफारी का आनंद नहीं ले सके। इस दौरान अभिनेता शेखावत ने मीडिया से खास बातचीत करते हुए हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बेबी डू डाइ डू’ में अपने महत्वपूर्ण किरदार को लेकर अनुभव साझा किए। उन्होंने अभिनेत्री उमा खान के साथ काम करने के अनुभव और फिल्म से जुड़ी कई रोचक यादों के बारे में भी चर्चा की। मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनू जिले के रहने वाले मरुधर शेखावत अपने अभिनय के सपने को पूरा करने के लिए लंबे समय से मुंबई में संघर्ष कर रहे हैं। छोटे-बड़े अवसरों से होते हुए अब उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में एक नई पहचान मिलने लगी है। उन्होंने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी जानकारी दी और बताया कि जल्द ही दर्शकों को उनका एक नया और अलग अंदाज देखने को मिलेगा। रणथंभौर की खूबसूरत वादियों में पहुंचे अभिनेता ने राजस्थान से अपने गहरे जुड़ाव को भी खुलकर साझा किया।