नगरीय निकाय चुनाव में अजमेर जिले के मतदाताओं की बारी कल यानी बुधवार को है। जिले में पहले चरण के तहत नगर पालिका केकड़ी, सरवाड़, नसीराबाद, टांटोटी, सावर, पीसांगन में 9 सितंबर को मतदान होगा। इन निकायों में मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने वार्ड के प्रत्याशी के लिए वोट डाल सकेंगे। जिले के बाकी अजमेर, पुष्कर, किशनगढ़ निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। पहले चरण में कल होने वाले चुनाव में इन 6 निकायों में 86 हजार 13 मतदाता हैं, जो 471 प्रत्याशी की किस्मत तय करेंगे। सबसे ज्यादा प्रत्याशी 131 पीसांगन नगर पालिका में हैं। दूसरे चरण में अजमेर, पुष्कर किशनगढ़ में होने वाले इन 3 निकायों में 5 लाख से ज्यादा मतदाता हैं, जो 679 प्रत्याशी की किस्मत तय करेंगे। सबसे ज्यादा प्रत्याशी अजमेर नगर निगम में हैं, यहां 360 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। अजमेर नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए आमजन शिकायत के लिए चुनाव पर्यवेक्षक महावीर प्रसाद मीणा आईएएस से दूरभाष नंबर 0145-2990041 पर सम्पर्क कर सकते है। इनसे सर्किट हाउस अजमेर के कमरा नंबर 6 में प्रातः 10 से 12 बजे तक मिला जा सकता है। अजमेर में युवा वोटर्स तय करेंगे किस्मत… अजमेर से जुडें रोचक तथ्य… -अजमेर नगर निगम में 80 वार्ड है, भाजपा ने सभी वार्ड में उम्मीदवार घोषित किए लेकिन कांग्रेस ने केवल 78 वार्ड में उम्मीदवार उतारे। वार्ड संख्या 3 व 4 को खाली छोड़ दिया। -नामांकन जांच में वार्ड संख्या 24 से भाजपा प्रत्याशी अनुज चौहान व वार्ड संख्या 31 से कांग्रेस प्रत्याशी ऋषभसिंह का नामांकन आपराधिक मामले दर्ज होने के कारण खारिज हो गए। -कांग्रेस ने वार्ड संख्या 3 में निर्दलीय संध्या काबरा, वार्ड संख्या 4 में निर्दलीय हेमा गहलोत व वार्ड संख्या 41 में दिनेश को समर्थन दिया, जबकि भाजपा ने वार्ड संख्या 24 से हेमराज को समर्थन दिया है। -अजमेर में पार्षद का चुनाव लड़ रहे भाजपा-कांग्रेस के 156 में से 21 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इसमें भाजपा के 17 और कांग्रेस के 4 प्रत्याशी हैं। भाजपा की मोनिका जैन सबसे अमीर (16 करोड़), वहीं कांग्रेस के पुष्पेन्द्र ओझा के पास शून्य सम्पति है। - 80 वार्ड में महिलाओं के लिए 27 सीट रिजर्व थी, लेकिन भाजपा ने 36 व कांग्रेस ने 34 महिलाओं को टिकट दिए। वार्ड संख्या 40 अनारक्षित ओपन व 61 एसटी ओपन के लिए आरक्षित, लेकिन दोनों ने महिलाओं को उतारा। -भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों में 7 पर आपराधिक मामले, जिसमें चेक बाउंस, मारपीट, धोखाधड़ी, जुआ एक्ट के शामिल हैं। इसमें भाजपा के 2 व कांग्रेस के 5 प्रत्याशी है। -भाजपा-कांग्रेस में 14 कैंडिडेट्स ऐसे है, जिन्होंने एलएलबी कर रखी है। वहीं आठ कैंडिडेट्स ऐसे है, जो केवल साक्षर है। इनमें 49 पोस्ट ग्रेजुएट, 34 ग्रेजुएट, 39 12वीं पास और 8 कैंडिडेट्स 12वीं पास है। जानिए आपका वार्ड किस इलाके में पढ़िए भाजपा–कांग्रेस प्रत्याशियों की पूरी प्रोफाइल अब जानिए किन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर…. कांग्रेस में इनकी प्रतिष्ठा दांव पर… भागीरथ चौधरी (भाजपा) - केन्द्र सरकार में कृषि राज्य मंत्री व अजमेर से सांसद, नगर निगम में 36 साल से भाजपा का बोर्ड, इस बार भी कायम रखने का दबाव। वासुदेव देवनानी (भाजपा) - अजमेर उत्तर से विधायक व विधानसभा अध्यक्ष, उत्तर में टिकट बंटवारे में महत्वपूर्ण भूमिका, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। अनिता भदेल (भाजपा) - अजमेर दक्षिण से विधायक व पूर्व मंत्री, दक्षिण में टिकट बंटवारे में महत्वपूर्ण भूमिका, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। रमेश सोनी (भाजपा) - शहर भाजपा के जिलाध्यक्ष, 36 सालों से अजमेर में भाजपा का बोर्ड, टिकट बंटवारे में महत्वपूर्ण भूमिका, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। रामस्वरूप लाबा (भाजपा)- नसीराबाद से विधायक है और यहां भाजपा के ज्यादा से ज्यादा प्रत्याशी जिताने के लिए प्रयासरत है। शत्रुुघ्न गौतम (भाजपा)-वर्तमान में केकड़ी से विधायक है। इनके केकड़ी, सरवाड़, सावर में चुनाव है। यहां बोर्ड बनाना प्रतिष्ठा का सवाल है। कांग्रेस में इनकी प्रतिष्ठा दांव पर… राजकुमार जयपाल (कांग्रेस) - शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष, टिकट बंटवारे में महत्वपूर्ण भूमिका, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। महेन्द्रसिंह रलावता (कांग्रेस) - विधानसभा चुनाव में अजमेर उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। द्रोपदी कोली (कांग्रेस)- विधानसभा चुनाव में अजमेर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी, नगर निगम प्रतिपक्ष नेता रही, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। धर्मेन्द्रसिंह राठौड़ (कांग्रेस) - पूर्व आरटीडीसी चैयरमेन, अजमेर में कुछ सालों से सक्रिय, टिकट बंटवारे में महत्वपूर्ण भूमिका, ज्यादा कैंडिडेट्स जिताने का दबाव। विकास चौधरी (कांग्रेस)- कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष है और किशनगढ़ से विधायक। जिले के नगर निकायों में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का दबाव है। रघु शर्मा (कांग्रेस) -पूर्व विधायक व मंत्री रह चुके है। इनके केकड़ी, सरवाड़, सावर में चुनाव है। यहां बोर्ड बनाना प्रतिष्ठा का सवाल है। जानिए-अजमेर जिले के 9 निकाय के बारे में… मतदान के दिन अवकाश घोषित अजमेर जिले में दो चरणों में मतदान होगा। जिला प्रशासन ने सभी सरकारी कार्यालय में पहले चरण के मतदान 9 सितम्बर व दूसरे चरण के मतदान 11 सितम्बर को अवकाश घोषित किया है। मौसम विभाग का आंकलन मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार 14 सितंबर तक जिले में बारिश की गतिविधियां कम रहने के आसार हैं। अधिकांश दिनों में मौसम शुष्क रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना रहेगी, लेकिन व्यापक स्तर पर बारिश होने के आसार कम हैं। ऐसे में उमस और गर्मी का असर बना रह सकता है। करीब 3 हजार कार्मिक लगाए 6 निकायों के 150 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए 153 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनावी व्यवस्था में करीब 1500 कर्मचारी-अधिकारी जुटे है। साथ ही सुरक्षा के लिए करीब डेढ़ हजार पुलिसकर्मी लगाए है। अजमेर में 187 संवेदनशील व क्रिटिकल बूथ बनाए गए है। इसमें 157 लोकेशन है। ……….. पढें ये खबरें भी…. अजमेर के सबसे हॉट वार्ड-4 का चुनावी गणित दिलचस्प:पूर्व मेयर की पत्नी को कांग्रेस का समर्थन, दो निर्दलीय और भाजपा प्रत्याशी में त्रिकोणीय मुकाबला अजमेर के सबसे हॉट माने जा रहे वार्ड-4 में निकाय चुनाव का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। वार्ड में जलभराव और सफाई स्थानीय मतदाताओं के प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं। (पूरी खबर पढें)