अजमेर में पिछले एक सप्ताह से मानसून की गतिविधियां सुस्त बनी हुई हैं। आसमान में रोजाना बादल छा रहे हैं, लेकिन बादलों के बीच धूप निकलने से गर्मी और उमस परेशान कर रही है। सोमवार सुबह भी बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप निकलने से गर्मी का असर रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर सुबह 74% और शाम को 55% रहा। मौसम विभाग के अनुसार- अगले दो दिन मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 25 अगस्त को अजमेर में मेघगर्जन, वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी है। 26 अगस्त को भी अजमेर संभाग में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। अब तक 33.8 मिमी ज्यादा बारिश मानसून सीजन में अब तक अजमेर में 396.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। सामान्य तौर पर इस अवधि तक 362.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। यानी अब तक 33.8 मिमी ज्यादा बारिश हुई है। यह सामान्य से 9.32% अधिक है। हालांकि बारिश का आंकड़ा सामान्य से ऊपर होने के बावजूद पिछले एक सप्ताह से मानसून की सक्रियता कम होने के कारण शहर में उमस और गर्मी का असर बना हुआ है। बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। 25 को बदल सकता है मौसम मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 अगस्त को अजमेर में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने की संभावना है। इसके बाद 26 अगस्त को भी संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। यानी अगले 48 घंटे अजमेर के लिए मानसून की गतिविधियों में हल्का बदलाव लेकर आ सकते हैं।