अलवर में सुबह से धूप खिली है। धूप के चलते गर्मी और उमस का असर बना हुआ है। तापमान में भी बढ़ोत्तरी नजर आई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। आज आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। कल भी बादल छाए रहने के साथ एक-दो दौर की बारिश हो सकती है। 5 सितंबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, लेकिन इस दिन भी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 6 सितंबर को अधिकतम तापमान 34 और 7 सितंबर को 32 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। मानसून का असर कमजोर रहा अलवर में इस बार मानसून के दौरान बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे चल रहा है। 2 सितंबर तक जिले में 461.1 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है, जबकि अब तक 431.1 मिमी बारिश ही दर्ज हुई है। यानी सामान्य से करीब 30 मिमी और 7 प्रतिशत बारिश कम हुई है। मानसून की शुरुआत के बाद अलग-अलग दिनों में बारिश हुई, लेकिन ज्यादातर बारिश कुछ घंटों के दौर तक ही सीमित रही। कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हुई, लेकिन लगातार बारिश नहीं होने से अब तक बारिश की कमी पूरी नहीं हो सकी है। अच्छी बारिश हुई तो भर सकती है कमी मौसम विभाग के आगामी दिनों के पूर्वानुमान ने बारिश की उम्मीद बढ़ा दी है। 3 से 7 सितंबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं। यदि इस दौरान कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश होती है तो जिले में सामान्य बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है। फिलहाल बुधवार को धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया हुआ है, ऐसे में आमजन की नजर अब आसमान पर टिकी है।