झालावाड़| राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय झालावाड़ में सत्र 2026-27 के लिए बीए, बीएससी, बीकॉम स्नातक प्रथम वर्ष में नियमित पढ़ने वाली बालिकाओं को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन हर साल 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति देगा। इसके लिए बालिका का 10वीं और 12वीं सरकारी स्कूल से पास होना जरूरी है। छात्रवृत्ति में प्राप्तांक, मेरिट, श्रेणी, केटेगरी, वार्षिक आय की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। योजना के तहत राजकीय या निजी महाविद्यालय में नियमित अध्ययनरत स्नातक प्रथम वर्ष की सभी बालिकाएं पात्र होंगी। राजकीय सेवा में सेवारत या अन्य व्यवसाय में लगे माता-पिता की संतान बालिकाएं भी पात्र होंगी। फाउंडेशन के नियमों के अनुसार, इस छात्रवृत्ति का लाभ लेने वाली बालिकाओं को अन्य छात्रवृत्तियों का लाभ भी मिलता रहेगा। इससे किसी दूसरी छात्रवृत्ति या योजना पर कोई असर नहीं पड़ेगा। छात्रवृत्ति योजना के संयोजक डॉ. रामकिशन माली ने बताया कि सामान्य पात्रता पूरी होने पर बालिकाओं को 3 वर्ष तक हर साल 30 हजार रुपए की दर से कुल 90 हजार रुपए की सहायता मिलेगी। इस वर्ष किसी भी सरकारी या निजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ने वाली छात्राएं पात्र हैं। छात्रवृत्ति 10वीं या 12वीं के अंकों के आधार पर बिना मेरिट के दी जाएगी। शर्त सिर्फ इतनी है कि 10वीं और 12वीं सरकारी स्कूल से पास हो।