बालोतरा इलाके की एक युवती को रील शूट और सोशल मीडिया प्रमोशन का काम दिलाने का झांसा देकर अहमदाबाद ले जाने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया है कि वहां उसे कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क और एक तांत्रिक के साथ गलत एक्टिविटी में शामिल किया गया। संदिग्ध गतिविधियां लगने के बाद युवती वहां से भागकर अपने गांव आ गई। उसने गुरुवार को गुड़ामालानी थाने में परिवाद देकर शिकायत की है। पुलिस ने परिवाद दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती ने नेटवर्क में फंसाने का आरोप लगाया पीड़िता ने पुलिस से मामले की गहन जांच करने, कथित नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। युवती का दावा है कि इलाके की कई युवतियां भी कथित तौर पर इस जाल में फंस चुकी हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। मामले की सच्चाई पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी। पीड़िता के अनुसार, बाड़मेर और बालोतरा इलाके की युवतियों को कथित तौर पर दलालों के जरिए अहमदाबाद भेजा जा रहा है। वहां एक तांत्रिक के साथ बैठाकर कथित तौर पर गलत एक्टिविटी करवाई जाती है और इसके बदले पैसे दिए जाते हैं। युवती ने अंदेशा जताया है कि इस इलाके में इस तरह का कोई बड़ा गिरोह एक्टिव हो सकता है। रील और प्रमोशन का झांसा देने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि एक बड़ा गिरोह एक्टिव है, जो सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली युवतियों को निशाना बनाता है। युवतियों को सोशल मीडिया प्रमोशन, रील और वीडियो शूट के साथ ज्यादा पैसे दिलाने का लालच दिया जाता है। इसके बाद उन्हें दूसरे शहरों और राज्यों में ले जाया जाता है। संदिग्ध गतिविधियां लगीं तो अहमदाबाद से भागी पीड़िता ने बताया कि उसे भी रील और वीडियो शूट का काम दिलाने की बात कहकर अहमदाबाद ले जाया गया था। वहां पहुंचने के बाद उसे वहां की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं और उसके साथ कथित तौर पर गलत हरकतें की गईं। उसे किसी गंभीर अनहोनी का अंदेशा हुआ। इसके बाद वह वहां से भागने में सफल रही और अपने गांव वापस आ गई। पुलिस जांच कर रही है पुलिस का कहना है कि युवती की ओर से परिवाद मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और तथ्यों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरे पक्ष ने युवती पर ब्लैकमेल का आरोप लगाया इधर, बालोतरा के एक थाने में एक व्यक्ति ने इसी युवती पर झूठे मुकदमों में फंसाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उसने संबंधित थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, युवती उसे फोटो और वीडियो शूट करने के लिए किराए पर अहमदाबाद लेकर गई थी। व्यक्ति ने बताया कि 17 अगस्त को युवती के कहने पर वह फोटो और वीडियो शूट के लिए उसके साथ अहमदाबाद गया था। उसका कहना है कि वीडियो शूट करवाने के लिए युवती के स्टाफ के साथी वहां नहीं आए। इसके बाद वे वापस आ गए। किराया मांगने पर धमकी देने का आरोप व्यक्ति ने रिपोर्ट में बताया कि उसने युवती से किराया मांगा तो उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद उससे उल्टे 5 लाख रुपए मांगे जाने लगे। उसका आरोप है कि उसे बार-बार फोन कर धमकियां दी गईं और मैसेज भी किए गए। रिपोर्ट में बताया कि रुपए नहीं देने पर चार-पांच युवकों को उसके स्टूडियो में भेजा गया। वहां बैठे स्टाफ को धमकियां दी गईं और रुपए नहीं देने पर दुकान जलाने की धमकी दी गई। फिलहाल पुलिस युवती की शिकायत और दूसरे पक्ष की शिकायत, दोनों की जांच कर रही है।