बालोतरा में पूर्व सरपंच (प्रशासक) के साथ मारपीट और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग मामला सामने आया है। पुलिस को गुरुवार (27 अगस्त) दी शिकायत में पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया है कि महिला ने पहले इंस्टाग्राम पर उसके साथ चैटिंग कर दोस्ती की। उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया और अश्लील वीडियो बना लिया। फिर साथियों के साथ मिलकर उसे वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में उससे 50 लाख रुपए की डिमांड की। उन्होंने उसे अगला चुनाव नहीं लड़ने के लिए भी धमकाया है। सबसे पहले- AI से समझिए पूरा मामला पूर्व सरपंच का दावा- पहले महिला ने किया था मैसेज पूर्व सरपंच ने रिपोर्ट में बताया है कि- 9 अगस्त 2026 को महिला ने ही उसे पहली बार इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था। इस मैसेज के रिप्लाई के बाद दोनों बात करने लगे थे। 15 अगस्त को महिला ने रात को फोन किया। फिर जबरदस्ती कर उसे अपने गांव बुला लिया। यहां वो उसके साथ कार में बैठ गई। पूर्व सरपंच ने टॉयलेट करने के लिए गाड़ी रोकी। इसी दौरान महिला के दो साथी भी आ गए। आरोप- फायरिंग की और धमकाया भी पूर्व सरपंच ने आरोप लगाया है कि महिला के साथी उसे जबरन खींचकर ड्राइवर सीट से पीछे की सीट पर ले गए। चेहरे को कपड़े से बांध कर उन्होंने पिस्टल से फायर करते हुए कहा- चिल्लाया तो मार देंगे। फिर गाड़ी को सुनसान जगह ले गए। उससे 50 लाख रुपए की डिमांड की। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। फिर उसके कपड़े उतारकर वीडियो बना लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की। चुनाव लड़ने पर वीडियो शेयर करने की धमकी आरोपियों ने पूर्व सरपंच से पूछा- सरपंच का चुनाव लड़ोगे या नहीं, अगर लड़ा तो यह वीडियो पर शेयर कर देंगे। आरोपियों ने गाड़ी में रखी चेकबुक से एक चेक पर जबरदस्ती साइन करवा लिए। साथ ही जेब से 83 हजार रुपए कैश निकाल लिए। मोबाइल के जबदस्ती पासवर्ड लेकर फोन-पे से भी रुपए ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद सुनसान जगह पर पूर्व सरपंच को सड़क किनारे छोड़कर चले गए। डर के कारण 12 दिन तक नहीं करवाई एफआईआर पूर्व सरपंच का दावा है कि आरोपी 22 अगस्त से लगातार फोन पर धमका रहे हैं। उन्होंने उसके अकाउंट से चार बार में 80 हजार रुपए भी ट्रांसफर कर लिए हैं। पूर्व सरपंच का कहना है कि उसने डर के कारण घटना के 12 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है इस मामले की जांच की जा रही है।