बारां शहर के मांगरोल रोड पर शनिवार दोपहर बाद दो पक्षों के बीच पैसों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान एक युवक देसी कट्‌टे से फायरिंग करता हुआ भी नजर आया। सरेराह हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। एएसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया- कोतवाली थाना इलाके में हुए इस वारदात का वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। एक युवक को बीच सड़क पर हथियार लहराते और फायर करते हुए देखा जा सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। अवैध हथियार कहां से आया और फायरिंग किसने की, इसकी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच और पूछताछ के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निकाय चुनावों के दौरान दिन दहाड़े इस तरह की वारदात करने वाले को बक्शा नहीं जाएगा। प्रथमदृष्टया मामला शराब लेन-देन और पुरानी रंजिश का सामने आया है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। वीडियो सामने आने के बाद एएसपी सौरभ तिवारी, डीएसपी रोहिताश सिंह और सीआई हीरालाल पुनिया मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।