बाड़मेर नगर परिषद के लिए शनिवार देर रात कांग्रेस ने अपने पार्षद प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में 40 वार्डों के लिए 40 नाम घोषित किए गए हैं। कांग्रेस ने कई पुराने चेहरों पर फिर से भरोसा जताया है। इनमें पूर्व सभापति दीपक माली उर्फ दीपक कुमार को एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारा गया है। हालांकि इस बार उनका वार्ड बदल दिया गया है। वे अब वार्ड नंबर 19 से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पेशे से वकील मुकेश जैन को वार्ड नंबर 26 से टिकट दिया गया है। मुकेश जैन 2004 में पहली बार कांग्रेस से पार्षद बने थे। उस समय उन्हें नगर पालिका में प्रतिपक्ष नेता की जिम्मेदारी मिली थी। इसके बाद 2009 में उनकी पत्नी ने कांग्रेस से पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वर्ष 2014 में मुकेश जैन ने फिर चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। मुकेश जैन कांग्रेस में प्रवक्ता समेत कई पदों पर भी रह चुके हैं।