कोटपूतली-बहरोड़ में नगर निकाय चुनाव के नामांकन का सोमवार को आखिरी दिन है। संभावित भीड़ को देखते हुए बहरोड़ में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नामांकन स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और भीड़-यातायात प्रबंधन के लिए विशेष योजना बनाई गई है। कोटपूतली-बहरोड़ के अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) सोहन सिंह नरूका रविवार देर शाम बहरोड़ पहुंचे और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने एसडीएम कार्यालय में रिटर्निंग ऑफिसर पंकज बड़गुर्जर, चुनाव टीम और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नो-व्हीकल जोन घोषित, बैरिकेडिंग की व्यवस्था एडीएम सोहन सिंह नरूका ने बताया कि सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है और इस दिन अभ्यर्थियों की संख्या काफी बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए भीड़ और यातायात प्रबंधन की पूरी योजना तैयार की गई है। नामांकन स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और हेल्प डेस्क के बाहर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि एसडीएम कोर्ट के सामने स्थित नामांकन क्षेत्र को 'नो-व्हीकल जोन' घोषित किया जा रहा है। इससे नामांकन स्थल पर अनावश्यक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगेगी, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। एडीएम बोले- नामांकन छूटने की चिंता न करें एडीएम ने अभ्यर्थियों और शहरवासियों से धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्धारित समय तक जो भी अभ्यर्थी नामांकन के लिए अंदर पहुंच जाएंगे, उनका नामांकन निश्चित रूप से स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को भीड़ के कारण नामांकन छूटने की चिंता नहीं करनी चाहिए। एडीएम ने शहरवासियों से आग्रह किया कि सोमवार को एसडीएम कार्यालय में अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना है, इसलिए अति आवश्यक होने पर ही कार्यालय की ओर आएं। उन्होंने स्वीकार किया कि रिटर्निंग ऑफिसर और तहसीलदार के नामांकन प्रक्रिया में व्यस्त रहने के कारण आम लोगों के कुछ जरूरी कार्यों में परेशानी हो सकती है, लेकिन प्रशासन ने व्यवस्थाएं सुचारू रखने का भरोसा दिलाया है।