भरतपुर के उच्चैन थाना इलाके में शनिवार देर रात एक परिवार ने दूसरे परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि शराब के नशे में दूसरे परिवार की महिलाओं के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। महिलाओं के बाल पकड़कर उन्हें घर से बाहर घसीटा गया और गाली-गलौज भी की गई। घटना में एक पक्ष के 6 लोग घायल हुए हैं। झगड़े का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। सीओ सुरेश कुड़ी ने बताया कि शनिवार रात शिकायत मिल गई थी। घायलों के बयान लिए जा रहे हैं। एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चार युवक शराब पीकर गाली दे रहे थे रेनू चौधरी निवासी जयचौली ने बताया कि कल रात उनके पड़ोसी सिकंदर, अवनीश, इंदर और अंगद शराब के नशे में गांव में आए। घर के बाहर खड़े उनके परिवार के लोगों को देखते ही वे गाली-गलौज करने लगे। परिवार के लोगों ने उन्हें गाली देने से रोका तो वे झगड़े पर उतारू हो गए। फोटोज में देखें… घर में घुसकर परिवार पर किया हमला चारों रेनू के घर चले गए। कुछ देर बाद वे अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे और सरिया लेकर रेनू के घर पहुंचे। उस समय रेनू के परिवार के लोग खाना खा रहे थे। आरोप है कि सिकंदर, अवनीश, इंदर, अंगद, गौकलेश, सीमा, सिद्धार्थ, मधु, गौरी और मनु घर में घुस गए और रेनू के परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने महिलाओं के बाल पकड़कर उन्हें घर से बाहर घसीटा। उनके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडों व सरियों से जमकर मारपीट की। महिलाएं बचाने के लिए चिल्लाती रहीं, लेकिन आरोपी नहीं रुके और लगातार उनके साथ मारपीट करते रहे। एक ही परिवार के 6 लोग हुए घायल वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया। घटना में रेनू के परिवार के गुड्डन, रेनू, रचना, सपना, ललितेश और मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमला करने के बाद सिकंदर के परिवार के लोग फरार हो गए। रेनू के परिवार के लोग सभी घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे।