भरतपुर में शादी के तीन महीने बाद ही 22 साल की विवाहिता संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल वाले अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी महिला के भाई ने पुलिस को सूचना दे दी। सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार से पहले शव को कब्जे में लेकर आरबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस अब महिला की मौत के कारणों की जांच कर रही है। सेवर थाना अधिकारी सतीश भारद्वाज ने बताया कि महिला की मौत शनिवार शाम करीब 6 बजे हुई थी। रात करीब 1 बजे शव को आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। महिला के भाई ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी बहन रिंकी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अंतिम संस्कार से पहले शव को पुलिस ने कब्जे में लिया परिजनों ने बताया कि रिंकी (22) की शादी तीन महीने पहले ही कुम्हा गांव निवासी केशव (27) से हुई थी। केशव मजदूरी करता है। रिंकी की शादी से पहले से ही तबीयत खराब रहती थी और उसे सांस संबंधी बीमारी थी। शादी के बाद भी उसकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद वह केवल दो बार ही ससुराल आई थी। तीन दिन पहले ही वह दूसरी बार ससुराल आई थी। रविवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन रिंकी को सेवर के एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रिंकी के भाई ने सेवर थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी। रविवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिलने पर पुलिस ससुराल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।