डीडवाना उपखंड के समीपवर्ती गांव भवादीया में दो दिवसीय राजपूती परंपरागत एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें राजपूती संस्कृति, पारिवारिक स्नेह और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह के दौरान राजपूती गीतों और डीजे की धुनें गूंजती रहीं, जिससे पूरा माहौल सांस्कृतिक रंग में रंग गया। इसमें शामिल युवा और वरिष्ठ समाजबंधु पारंपरिक राजपूती वेशभूषा और साफे में नजर आए। इन पारंपरिक परिधानों ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य आकर्षण भुवासा-बाईसा स्नेह मिलन रहा। वर्षों बाद हुए इस आत्मीय मिलन के दौरान भावुक क्षण देखने को मिले। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें खुशी से नम हो गईं। उपस्थित लोगों ने इसे समाज के लिए एक भावनात्मक और ऐतिहासिक अवसर बताया। समारोह में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रबुद्धजनों और समाजबंधुओं ने भाग लिया। इस दौरान सामाजिक एकजुटता, पारिवारिक स्नेह और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर चर्चा की गई। समापन अवसर पर समाजबंधुओं ने राजपूती परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प लिया। साथ ही, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।