भीलवाड़ा में रविवार को कुएं में एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। कुएं के पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने पानी के ऊपर शव तैरता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। मामला मांडल थाना क्षेत्र के चतरपुरा गांव का है। बकरियां चराने घर से निकला था, वापस नहीं लौटा पुलिस ने मृतक की पहचान चतरपुरा निवासी नंदा गाडरी (50) पुत्र गोकुल गाडरी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि नंदा शुक्रवार को घर से बकरियां चराने के लिए खेतों की ओर गया था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए थे। शनिवार को भी उसकी तलाश की गई। इसके बाद रविवार को उसका शव गांव के कुएं में मिला। पैर फिसलने से कुएं में गिरने की आशंका प्रथम दृष्टया पुलिस नंदा के कुएं में गिरने का कारण पैर फिसलना मान रही है। आशंका है कि कुएं के पास से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा। हालांकि पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।