भीलवाड़ा में भाजपा महिला मोर्चा का शुक्रवार से चल रहा धरना शनिवार रात खत्म हो गया। फेक टिकट लिस्ट देखकर विरोध कर रही महिला मोर्चा की चार महिला नेता आत्मदाह की चेतावनी के बाद जयपुर पहुंचीं और अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी से मुलाकात की। चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा की ओर से अभी कोई अधिकृत टिकट सूची जारी नहीं हुई है और महिला दावेदारों को उचित प्रतिनिधित्व देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ज्योति आशीर्वाद, मंजू चेचानी, रेखा पुरी और मंजू पालीवाल ने आत्मदाह का फैसला रद्द कर धरना खत्म कर दिया। अब महिला मोर्चा की नेत्रियां पार्टी की अधिकृत टिकट सूची का इंतजार करेंगी और इसके बाद आगे की रणनीति तय करेंगी। चतुर्वेदी बोले- अभी कोई अधिकृत टिकट सूची जारी नहीं हुई अरुण चतुर्वेदी ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि अभी तक भाजपा की ओर से कोई अधिकृत टिकट सूची जारी नहीं हुई है। उन्होंने महिला दावेदारों को भी उचित स्थान दिए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भीलवाड़ा भाजपा कार्यालय में शुक्रवार से धरने पर बैठी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने धरना खत्म कर दिया। बातचीत के बाद चारों नेत्रियां भीलवाड़ा के लिए रवाना हुईं बातचीत के बाद ज्योति आशीर्वाद, मंजू चेचानी, रेखा पुरी और मंजू पालीवाल भीलवाड़ा के लिए रवाना हो गईं। नेत्रियों ने बताया कि अरुण चतुर्वेदी ने उनकी बात को गंभीरता से सुना और उचित आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जब तक पार्टी की अधिकृत सूची जारी नहीं हुई है, तब तक किसी को अंतिम रूप से टिकट मिलना तय मानना उचित नहीं है। अधिकृत सूची के बाद तय होगी आगे की रणनीति महिलाओं को अंतिम सूची में उचित स्थान दिए जाने के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। अब वे पार्टी की ओर से जारी होने वाली अधिकृत सूची का इंतजार करेंगी। इस सूची में महिला दावेदारों को कितना प्रतिनिधित्व मिलता है, यह सामने आने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी। रक्षाबंधन के दिन शुरू किया था धरना प्रदर्शन इससे पहले शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंची थीं और विरोध प्रदर्शन शुरू किया था। उन्होंने एक फेक लिस्ट देखकर आरोप लगाया था कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दरकिनार कर अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की पत्नियों, बहनों और भाभियों को टिकट दिया जा रहा है। आत्मदाह की चेतावनी के बाद बातचीत के लिए जयपुर गईं महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि यदि संगठन की ओर से महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को तवज्जो नहीं दी गई तो वे शनिवार को भाजपा के झंडे के साथ कार्यालय परिसर में आत्मदाह करेंगी। इसके बाद शनिवार दोपहर महिला मोर्चा की चार नेत्रियां प्रदेश नेतृत्व से बातचीत करने जयपुर गई थीं। वहां अजमेर संभाग प्रभारी अरुण चतुर्वेदी से मुलाकात और बातचीत के बाद आत्मदाह का फैसला कैंसिल कर दिया गया और धरना समाप्त करने की घोषणा की गई।