भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव को लेकर पार्षद पद के नामांकन की प्रक्रिया जारी है। नामांकन दाखिल करने का कल (सोमवार) को आखिरी दिन है। हालांकि, अब तक भाजपा और कांग्रेस ने पार्षद प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की है। ऐसे में दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों को पार्टी की सूची का इंतजार है। नामांकन के दूसरे दिन शनिवार तक कांग्रेस की ओर से 27 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि भाजपा से 69 नामांकन दाखिल किए जा चुके हैं। वहीं, अब तक 33 निर्दलीय प्रत्याशी और आम आदमी पार्टी (आप) से एक प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर चुका है। भाजपा और कांग्रेस के बचे हुए वार्डों के प्रत्याशी सोमवार को नामांकन दाखिल कर सकेंगे। ऐसे में दोनों ही पार्टियों की अधिकृत सूची जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर शेयर हो रही फर्जी सूची सोशल मीडिया पर भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों की फर्जी सूची भी सामने आई हैं। साथ ही महिला मोर्चा की ओर से किए गए प्रदर्शन को लेकर भीलवाड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ ने कहा कि पार्टी ने अभी तक किसी भी वार्ड से प्रत्याशियों की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। नगर निगम सहित 10 निकायों के प्रत्याशियों के नाम तय शनिवार रात तक भाजपा में प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन का दौर जारी रहा। पार्टी की ओर से जल्द ही प्रत्याशियों की सूची जारी की जा सकती है। हालांकि, प्रत्याशियों की सूची सार्वजनिक करने के बजाय सीधे सिंबल आवंटित करने को लेकर भी पार्टी में विचार-विमर्श चल रहा है। हालांकि दोनों पार्टियों के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, नगर निगम सहित सभी 10 निकायों के प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लग चुकी है। पार्टी किसी भी समय प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक कर सकती है। दिग्गज नेताओं के बीच विवाद के बाद लिस्ट पर चर्चा रुकी वहीं, कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पर शनिवार को टिकट मंथन के दौरान देहात जिलाध्यक्ष राम लाल जाट और धीरज गुर्जर के बीच हुई गाली गलौज के कारण भीलवाड़ा नगर निगम सहित निकायों की लिस्ट को लेकर देरी होने की संभावना है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि दोनों में टिकटों को लेकर सुलह का प्रयास जारी है और दोनों की आपसी सहमति के बाद ही टिकट जारी किए जाएंगें। कांग्रेस सीधे सिंबल जारी करेगी पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस बार लिस्ट जारी करने की बजाय कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को सीधा सिंबल अलॉट कर सकती है। साथ ही जिन नामों पर सहमति बन चुकी है, उन्हें सोमवार को नामांकन दाखिल करने के लिए आज सुबह से फोन आना भी शुरू हो चुके हैं।