श्री बी.आर. मिर्धा गवर्नमेंट कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन हो गया। आयोजन के अंतिम दिन विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्टूडेंट्स और संकाय सदस्यों ने हिस्सा लिया। अंतिम दिन 100 मीटर और 400 मीटर दौड़ के महिला और पुरुष वर्ग के मुकाबले खेले गए। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुमन मिर्धा प्रथम, वसुंधरा बिश्नोई द्वितीय और अनिता तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं 400 मीटर दौड़ में रविना ने पहला, वसुंधरा बिश्नोई ने दूसरा और सुमन मिर्धा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ में मगाराम प्रथम, अजीत सिंह द्वितीय और खेतसिंह तृतीय रहे। 400 मीटर दौड़ में सुनील कुमार नायक ने पहला, हीरालाल ने दूसरा तथा रामकिशन जाखड़ व सुरेंद्र ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह में सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरसुख राम छरंग ने कहा कि खेल स्टूडेंट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल मैदान में कम से कम एक घंटा बिताने की सलाह दी। कार्यक्रम में मेजर डॉ. प्रेम सिंह बुगासरा ने शिक्षा के साथ खेलों के महत्व को रेखांकित किया और आयोजन की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। वहीं स्वीप अधिकारी डॉ. लाखाराम और प्रो. अविनाश व्यास ने खेलों के माध्यम से मतदान जागरूकता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लाखाराम ने किया। इस दौरान प्रो. अविनाश व्यास, डॉ. सुलोचना शर्मा, डॉ. प्रेमकिशोर बेड़ा और सुमित्रा सांगवा सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे।