सुप्रीम कोर्ट ने 7 राज्यों (छत्तीसगढ़, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, सिक्किम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल) में न्यायिक अधिकारियों की रिटायरमेंट उम्र 60 से बढ़ाकर 62 साल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि 31 मार्च के बाद रिटायर हुए न्यायिक अधिकारियों को दोबारा सेवा में आने का विकल्प दिया जाए, बशर्ते उन्होंने इसके बाद कोई दूसरी नौकरी न की हो। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची व वी. मोहना की बेंच ने यह आदेश दिया। आज की अन्य बड़ी खबरें… प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का हमला करना दुखद, जंतर-मंतर घटना पर बोले- जस्टिस भुइयां सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने शुक्रवार को कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर पुलिसकर्मियों का हमला करना 'परेशान करने वाला और गंभीर चिंता का विषय है। जस्टिस भुइयां पूर्व सचिव (सुरक्षा) यशोवर्धन आजाद की किताब ‘पुलिसिंग द रिपब्लिक’ के लॉन्च कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, जब हम भारतीय पुलिस सेवा के युवा अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जाकर प्रदर्शनकारियों और प्रदर्शनकारियों पर हमला करते देखते हैं तो हम सभी निराश हो जाते हैं। यह देखना बहुत ही दुखद है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद पी चिदंबरम, महाराष्ट्र के पूर्व डीजीपी डी शिवानंदन और अन्य लोग भी मौजूद थे। कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट में बम की धमकी वाला नोट मिला, गोरखपुर जा रहा था विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम गोरखपुर जाने वाली एक फ्लाइट में बम की धमकी वाला नोट मिलने से हड़कंप मच गया। यह नोट फ्लाइट के वॉशरूम में टॉयलेट पेपर रोल के अंदर रखे एक टिश्यू पेपर पर लिखा हुआ था। सभी यात्रियों को तुरंत फ्लाइट से नीचे उतारा गया और गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। CISF के जवानों, बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों ने फ्लाइट की तलाशी ली। इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है कि फ्लाइट को गोरखपुर के लिए कब रवाना होने दिया जाएगा। TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी के ऑफिस बिल्डिंग का बेसमेंट खाली करने का आदेश कोलकाता में पश्चिम बंगाल फायर डिपार्टमेंट ने 9 कैमक स्ट्रीट स्थित उस बिल्डिंग के बेसमेंट को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है, जिसमें तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का ऑफिस है। विभाग ने फायर सेफ्टी इंतजामों की कमी और सही रखरखाव नहीं होने को इसकी वजह बताया है। ANI के मुताबिक, शुक्रवार, 4 सितंबर को जारी नोटिस में कहा गया कि बिल्डिंग का बेसमेंट फायर और लोगों की सुरक्षा के लिहाज से असुरक्षित है। इससे बिल्डिंग, आसपास की जगह और वहां मौजूद लोगों की जान-माल को तुरंत खतरा हो सकता है। कोलकाता में बिल्डिंग का हिस्सा गिरा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी कोलकाता के श्यामपुकुर इलाके में शुक्रवारको बिल्डिंगा का कुछ हिस्सा गिर गया। यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे राजा नबा कृष्ण स्ट्रीट पर हुई। सूचना मिलने पर, कोलकाता नगर निगम (KMC) के अधिकारी और आपदा प्रबंधन समूह (DMG) के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। फिलहाल, घटनास्थल पर बचाव कार्य और मलबा हटाने का काम चल रहा है। छत्रपति संभाजीनगर के अस्पताल के NICU में आग, 9 नवजातों को सुरक्षित निकाला महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के एक प्राइवेट अस्पताल के NICU में शुक्रवार तड़के आग लग गई। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, NICU में भर्ती 9 नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। घटना शहर के जालना रोड स्थित एशियन अस्पताल में हुई। स्टाफ ने AC यूनिट से धुआं निकलते देखा, जिसके बाद बच्चों को तुरंत बाहर निकाला गया। महाराष्ट्र- स्कूल बस में बच्ची का यौन शोषण, ड्राइवर अरेस्ट महाराष्ट्र के पनवेल में 2 सितंबर को स्कूल बस में साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को 4 सितंबर को अरेस्ट कर लिया। आगे की जांच जारी है। मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया के पास फेरी का इंजन बंद, 38 लोग सुरक्षित बचाए गए मुंबई में गुरुवार रात गेटवे ऑफ इंडिया के पास समुद्र में एक फेरी का इंजन अचानक बंद हो गया। फेरी में 34 यात्री और 4 क्रू सदस्य सवार थे। घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जब फेरी ‘अनवारी’ समुद्री यात्रा पूरी कर वापस लौट रही थी और तट से करीब 1.5 नॉटिकल मील दूर फंस गई। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास चल रही नौकाओं से मदद मांगी। पास में मौजूद ‘आजाद हिंद’ नाव के संचालक जुनैद मुल्ला ने मौके पर पहुंचकर फेरी को खींचकर गेटवे ऑफ इंडिया के जेट्टी नंबर 2 तक पहुंचाया। रात करीब 9:30 बजे सभी 38 लोगों को सुरक्षित उतार लिया गया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई। मनोज जरांगे भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार किया, 12 सितंबर को आंदोलन करेंगे मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने अपना अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सरकार को 11 सितंबर तक का समय देते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 12 सितंबर को मुंबई जाकर आंदोलन करेंगे। जरांगे पिछले एक हफ्ते से अंतरवाली सराटी गांव में भूख हड़ताल पर हैं। कुनबी OBC वर्ग में आते हैं और उन्हें सरकारी नौकरी व शिक्षा में आरक्षण मिलता है। जरांगे पात्र मराठों को कुनबी प्रमाणपत्र देने की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें OBC कोटे के तहत आरक्षण मिल सके। मनी लॉन्ड्रिंग केस में मणिपुर के सलाइ ग्रुप की 14.69 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मणिपुर के सलाइ ग्रुप ऑफ कंपनीज, SMART सोसाइटी और उनसे जुड़े लोगों की 14.69 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति अटैच की है। इसमें जमीन, इमारतें, प्लांट-मशीनरी और औद्योगिक व व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं। ED के इम्फाल कार्यालय ने 2 सितंबर को अटैचमेंट ऑर्डर के बाद यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 36% सालाना रिटर्न का वादा कर बिना वैध अनुमति लोगों से पैसा जमा किया और उसे 19 कंपनियों के जरिए घुमाया। ED के मुताबिक, कुल 76.63 करोड़ रुपए की अपराध से अर्जित आय का पता चला है, जिसका इस्तेमाल संपत्तियां खरीदने और अन्य खर्चों में किया गया। अब तक इस मामले में कुल 67.92 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की जा चुकी है। मणिपुर में कांग्रेस नेता के घर के पास बम विस्फोट, जांच शुरू मणिपुर के थौबल जिले में कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघचंद्र सिंह के यैरिपोक स्थित घर के गेट के पास गुरुवार रात करीब 8:15 बजे बम विस्फोट हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर के पास विस्फोटक फेंका था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। विस्फोट के पीछे किसका हाथ है और उसका मकसद क्या था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।