चित्तौड़गढ़ में लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर से जिले में एक बार फिर बारिश शुरू होने की संभावना जताई है। इसके लिए चित्तौड़गढ़ जिले में यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले कई दिनों से जिले में बारिश लगभग थमी हुई है। दिन में तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। ऐसे में अब मौसम बदलने की संभावना से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बंधी है। बारिश सामान्य से कम इस बार मानसून चित्तौड़गढ़ में उम्मीद के मुताबिक सक्रिय नहीं रहा। जून और जुलाई के बाद अगस्त महीने में भी लगातार अच्छी बारिश नहीं हो सकी। नतीजा यह रहा कि अगस्त खत्म होने तक जिले में सामान्य बारिश का सिर्फ करीब 70 प्रतिशत पानी ही दर्ज हो पाया। कई बांध अब भी पूरी तरह नहीं भर सके हैं। खेती पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीफ फसलों को फायदा मिल सके। जिले के लोगों की नजर अब सितंबर की बारिश पर टिकी हुई है। सितंबर में भी गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी आमतौर पर सितंबर की शुरुआत तक लगातार बारिश के कारण मौसम काफी सुहावना हो जाता है। सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगती है और दिन का तापमान भी कम रहता है। लेकिन इस बार हालात अलग हैं। चित्तौड़गढ़ में अभी भी दिन के समय धूप तेज महसूस हो रही है और हवा में नमी ज्यादा होने से उमस बनी हुई है। लोग घर से बाहर निकलते ही चिपचिपाहट और गर्मी महसूस कर रहे हैं। रात में भी मौसम पूरी तरह आरामदायक नहीं हो पा रहा है। शहर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 4 सितंबर से बदल सकता है मौसम का मिजाज मौसम विभाग के अनुसार 4 सितंबर से प्रदेश में एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से चित्तौड़गढ़ जिले में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसी संभावना को देखते हुए जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगर अनुमान के अनुसार बारिश होती है तो लगातार बनी उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही किसानों और जल स्रोतों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है। लंबे समय से सूने पड़े आसमान के बाद अब जिले के लोगों की नजर 4 सितंबर पर टिकी है। सभी को उम्मीद है कि मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा और सितंबर की शुरुआत राहत भरी बारिश के साथ होगी।