चूरू में बुधवार शाम को एक युवक को बाइक पर स्टंट करना भारी पड़ा। चूरू-जयपुर रेलवे ओवरब्रिज पर स्टंट कर रहे युवक की बाइक को यातायात पुलिस और कालिका टीम ने सीज कर दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही युवक बाइक छोड़कर मौके से भाग गया था। कालिका टीम प्रभारी कोषल्या भादू ने बताया कि बुधवार शाम को उन्हें सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि जयपुर रेलवे ओवरब्रिज पर एक युवक बाइक से स्टंट कर रहा है, जिससे राहगीरों और दूसरे वाहनों को खतरा हो सकता है। कालिका टीम ने तुरंत इसकी जानकारी यातायात पुलिस को दी। पुलिस को यह भी सूचना मिली कि युवक की स्टंटबाजी के कारण अग्रसेन नगर रेलवे फाटक को नुकसान पहुंचा है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बाइक सवार अपनी गाड़ी छोड़कर चला गया। सूचना मिलने पर आरपीएफ के इंचार्ज नंदकिशोर भी मौके पर पहुंचे। रेलवे पुलिस ने रेलवे अधिनियम के तहत युवक को थाने बुलाकर पाबंद किया है। वहीं, यातायात पुलिस ने बाइक को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया है।