झुंझुनूं शहर के चुरू बाईपास तिराहे पर शुक्रवार दोपहर एक कार बोलेरो से टच हो गई। इसी मामूली बात पर बड़ा विवाद हो गया। दो पक्षों के बीच सड़क पर ही मारपीट हो गई। करीब 45 मिनट तक हंगामा चला। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। लोगों ने बोलेरो कार के शीशे फोड़ दिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन दोनों पक्षों ने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर 3 बजे की है। बीमार बेटे को हॉस्पिटल दिखाकर लाया था जानकारी के मुताबिक- झुंझुनूं में जीत की ढाणी निवासी सुनील अपने दोस्त के साथ 8 महीने के बीमार बच्चे को अस्पताल में दिखाकर गांव (जीत की ढाणी) लौट रहा था। चूरू बाइपास तिराहे पर एक बोलेरो में सवार कुछ युवकों ने उनकी कार को रुकवा लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में बहस होने लगी। सुनील ने बताया- बोलेरो में सवार युवकों ने उतरते ही मुझ पर 5-7 मुक्के बरसा दिए। मेरे मुंह से खून बहने लगा। अचानक हुए हमले से मैं संभल नहीं पाया। मैंने और मेरे दोस्त ने आरोपियों को विरोध किया तो मामला बढ़ गया। दोनों पक्षों में सड़क पर मारपीट इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सड़क पर ही लात-घूंसे चलने लगे। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की। लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर बोलेरो में सवार युवक भागकर मिठाई की दुकान, एक होटल और बाद में एक निजी अस्पताल में जाकर छिप गए। इस दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। यातायात भी प्रभावित हुआ। मारपीट से नाराज सुनील और उसके साथी ने बोलेरो कार में तोड़फोड़ कर दी। शीशे फोड़ दिए। लोगों ने दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक मामला शांत हो चुका था। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी ली, लेकिन किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत देने से इनकार कर दिया। ऐसे में पुलिस ने फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया है। बोला- समझ नहीं आया आखिर हमला क्यों किया सुनील ने बताया- मैं अपने बीमार बच्चे को अस्पताल से लेकर घर लौट रहा था। समझ नहीं आया कि सामने वाले लोग किस बात पर इतने गुस्से में आ गए। मामूली बात पर अचानक हमला कर दिया। सड़क पर काफी देर चला हंगामा..