चूरू जिले में ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर एक युवक से 4 लाख 45 हजार रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सुजानगढ़ क्षेत्र के बागसरा आथूणा निवासी 30 वर्षीय सुभाषचंद्र वर्मा ने इस संबंध में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुभाषचंद्र वर्मा ने बताया कि 6 अगस्त को उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने घर बैठे काम कर मुनाफा कमाने का लालच दिया और ऑनलाइन कार्य के लिए एक वेबसाइट भेजी। बाद में उन्हें 'मंत्रा ई-कॉमर्स मार्केटिंग ग्रुप' नामक टेलीग्राम समूह से भी जोड़ दिया गया। अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई राशि आरोपियों ने पीड़ित की वेबसाइट पर आईडी बनवाई और अधिक लाभ का झांसा देकर विभिन्न लेन-देन के जरिए कुल 4,45,000 रुपए जमा करवा लिए। यह राशि उनके एसबीआई और राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक खातों से ट्रांसफर की गई थी। पैसे जमा होने के बाद पीड़ित की आईडी ब्लॉक कर दी गई और टेलीग्राम ग्रुप से सारा डेटा हटा दिया गया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। साइबर थाना पुलिस ने प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस इंस्पेक्टर कमल कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि में से 69,743 रुपए होल्ड करवा दिए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों और बैंक लेन-देन की गहनता से पड़ताल की जा रही है।