चूरू नगर परिषद चुनाव को लेकर शनिवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। आगामी 9 सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए कुल 48 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल थे, जिन्होंने नगर परिषद रिटर्निंग अधिकारी एवं सीईओ श्वेता कोचर और एसडीएम धीरज झाझड़िया के समक्ष पर्चे भरे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान नगर परिषद परिसर में दिनभर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। समर्थकों की भीड़ से चुनावी माहौल गर्मा गया। नामांकन स्थल के बाहर प्रत्याशियों के पक्ष में नारेबाजी और चुनावी चर्चाएं होती रहीं, जिससे परिसर में उत्साह का माहौल दिखा। इस बार के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों ने विशेष सक्रियता दिखाई। कई उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया, जिससे आने वाले दिनों में शहर में राजनीतिक गतिविधियों के और तेज होने के संकेत मिले हैं। नामांकन दाखिल होने के बाद अब प्रत्याशियों के बीच चुनावी रणनीति बनाने और मतदाताओं तक पहुंचने की कवायद तेज होगी। वार्ड स्तर पर बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और समर्थकों को लामबंद करने का दौर शुरू होने की संभावना है। चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के नाम सामने आने के साथ ही विभिन्न वार्डों में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।