भाजपा के 25 और कांग्रेस के 14 नेताओं ने खुद को पार्टी का उम्मीदवार बता नामांकन जमा करवाए: शनिवार तक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में नगरपरिषद के विभिन्न वार्डों से भाजपा के 25 दावेदारों ने नामांकन जमा करवाए हैं। नामांकन में इन्होंने खुद को भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार बताया है। कांग्रेस में ऐसे दावेदारों की संख्या 14 है। भाजपा के चार संभावित दावेदारों ने पार्टी के साथ निर्दलीय के तौर पर नामांकन जमा करवाया है। कांग्रेस में तीन संभावित उम्मीदवारों ने खुद को पार्टी के साथ निर्दलीय उम्मीदवार के विकल्प में रखा है। दोनों पार्टियों के ज्यादातर दावेदारों ने पार्टी सिंबल और निर्दलीय के रूप में दो-दो सेट नामांकन तैयार करवा रखे हैं ताकि पार्टी की ओर से टिकट से वंचित किए जाने पर निर्दलीय ताल ठोकी जा सके। भाजपा ने विधायक जयदीप बिहाणी और अशोक चांडक के बीच चल रही खींचतान दूर करने के लिए त्रिपक्षीय तालमेल का फॉर्मूला बनाया है। इसी वजह से असंतुष्टों की संख्या बढ़ी है। भाजपा ने विधायक जयदीप बिहाणी के समर्थकों को ज्यादा तवज्जो दी है। बिहाणी के 35, अशोक चांडक के 15 समर्थकों को एडजस्ट करने के बाद पुराने भाजपाइयों के लिए 15 टिकटें बची हैं। इससे मूल भाजपाई दावेदारों का कोटा कम हुआ है। इससे असंतोष बढ़ा है। इस बार भाजपा में ज्यादा बगावत हो सकती है। देर रात तक भाजपा के जिला कार्यालय में टिकटों को लेकर मंथन चलता रहा। दावेदारों से रविवार रात तक विधायक जयदीप बिहाणी व जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने संपर्क किया। उनसे पार्टी के सिंबल पर नामांकन जमा करवाने के लिए कहा। कांग्रेस की टिकट पर विस चुनाव 2023 लड़े पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी और पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ के बीच सुलह नहीं हुई है। दोनों के बीच सामंजस्य न बनने से खींचतान बढ़ रही है। दोनों गुट ज्यादा संख्या में टिकटें चाहते हैं। जिलाध्यक्ष रूपिंद्र सिंह कुन्नर की श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र की चार पालिकाओं की टिकटें फाइनल करने की व्यस्तता की वजह से दोनों गुटों के बीच सुलह की बैठक नहीं हो सकी। जिला प्रभारी जिया उर रहमान आरिफ व चुनाव समन्वयक सुंदर बैरड़ के अनुसार श्रीगंगानगर नगरपरिषद की टिकटों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी से चर्चा हुई है। इस बार दावेदार ज्यादा हैं। इसी वजह से सूची फाइनल करने में देरी हो रही है। सोमवार को नामांकन का अंतिम समय है। राज्य निर्वाचन आयोग के शेड्यूल के अनुसार दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा होंगे। निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार तीन बजे तक नामांकन जमा करवाने की लाइन में लगे उम्मीदवारों को टोकन दिए जाएंगे। इसके आधार पर तीन बजे के बाद भी नामांकन जमा हो सकेंगे। तीन बजे के बाद जिसके पास टोकन नहीं होगा, उसका नामांकन जमा नहीं होगा। श्रीगंगानगर| नगर निकाय चुनाव में सोमवार को नामांकन जमा करवाने का अंतिम दिन है। भाजपा और कांग्रेस को श्रीगंगानगर नगरपरिषद के 65 वार्डों में टिकटें फाइनल करने के लिए रविवार देर रात तक जोर आजमाइश करनी पड़ी। भाजपा में विधायक जयदीप बिहाणी और अशोक चांडक के समर्थकों को एडजस्ट करने को लेकर घमासान मचा हुआ है। इससे टिकट के दावेदार पुराने भाजपाइयों के ज्यादातर वार्डों में टिकट से वंचित रहने और बगावत की आशंका बढ़ी है। कांग्रेस भी पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी और पूर्व विधायक राजकुमार गौड़ के बीच तालमेल नहीं बैठा सकी। दोनों पार्टियां देर रात तक टिकटें घोषित नहीं कर सकीं। कांग्रेस सोमवार को नामांकन के दौरान ही निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में सिंबल जमा करवाएगी।