छुट्टी पूरी कर धौलपुर से पश्चिम बंगाल स्थित अपनी बटालियन के लिए रवाना हुए CRPF जवान भूपेंद्र सिंह गुर्जर लापता हो गए हैं। वे 24 अगस्त की शाम उत्कल एक्सप्रेस से ड्यूटी के लिए निकले थे। 25 अगस्त की रात करीब 11:05 बजे परिजनों से आखिरी बार फोन पर बात हुई, तब उन्होंने जल्द ही बटालियन पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद है और 29 अगस्त तक वे 184वीं बटालियन, झारग्राम नहीं पहुंचे हैं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू करते हुए आमजन से भी जानकारी मिलने पर पुलिस या परिवार को सूचित करने की अपील की है। 184वीं बटालियन में तैनात हैं जवान भूपेंद्र सिंह गुर्जर CRPF की 184वीं बटालियन में झारग्राम, पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बाबरखेड़ा, थाना सरायछोला के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनका परिवार धौलपुर की मोहन कॉलोनी में रहता है। 24 अगस्त को ट्रेन से हुए थे रवाना परिजनों के अनुसार, भूपेंद्र सिंह 24 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे छुट्टी पूरी करने के बाद उत्कल एक्सप्रेस से अपनी ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। सफर के दौरान 25 अगस्त की रात करीब 11:05 बजे उनकी परिजनों से फोन पर आखिरी बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने बताया था कि वे थोड़ी देर में अपनी बटालियन पहुंचने वाले हैं। सुबह मोबाइल मिला बंद, बटालियन भी नहीं पहुंचे आखिरी बातचीत के बाद जब परिजनों ने सुबह भूपेंद्र सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार ने अपने स्तर पर जानकारी जुटानी शुरू की। परिजनों का कहना है कि 29 अगस्त तक न तो भूपेंद्र सिंह से संपर्क हो पाया है और न ही उनके बटालियन पहुंचने की जानकारी मिली है। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई है। पुलिस और आमजन से मदद की अपील परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भूपेंद्र सिंह गुर्जर के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या उनके परिवार को सूचित करें। सूचना पुलिस थाना निहालगंज, धौलपुर या धौलपुर पुलिस कंट्रोल रूम को भी दी जा सकती है। संपर्क नंबर: 9667691636, 9414945914, 8875390505, 85096081253, 8386876989