दौसा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत दौसा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 33 लाख रुपए की 164.52 ग्राम स्मैक बरामद कर 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। एएसपी शंकरलाल मीणा ने बताया कि आरोपी अकलेरा, झालावाड़ से स्मैक लेकर दौसा क्षेत्र में पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया गया है, वहीं आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ की बिक्री के एक लाख 34 हजार रुपए कैश भी बरामद किए गए हैं। बाईपास पर दबिश, 5 आरोपी दबोचे पुलिस टीम ने 2 सितंबर को कार्रवाई करते हुए लालसोट बाईपास मस्जिद के पास एनएच-21 पर मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 164.52 ग्राम स्मैक, 1.34 लाख रुपये नकद तथा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की गई। 5 आरोपी गिरफ्तार मामले में पुलिस ने अमर सिंह सैनी, निवासी कोली मोहल्ला बसवा, हरिराम मीना उर्फ डॉक्टर, निवासी चंदूपुरा, अलवर, हाल निवासी फुलेला बसवा, विक्रम मीना निवासी बिगौता टहला अलवर, आकाश उर्फ लाला साहू निवासी राजगढ़ अलवर और सौरभ गुर्जर निवासी प्रेमपुरा अलवर गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक के सप्लाई नेटवर्क, खरीद-फरोख्त के स्रोतों और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई आईजी जयपुर रेंज राहुल प्रकाश, एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देश नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी शंकरलाल आरपीएस, बांदीकुई डिप्टी एसपी लक्ष्मीकांत शर्मा एवं डिप्टी एसपी दौसा कपिल गुप्ता के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। कोतवाली थाना इंचार्ज भगवान सहाय शर्मा एवं बांदीकुई थाना इंचार्ज जहीर अब्बास के नेतृत्व में डीएसटी बांदीकुई, साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी।