धौलपुर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के बड़े मंदिरों में भक्त पहुंचने लगे। मंदिरों में खास पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण का सुंदर श्रृंगार किया गया। चारों ओर कृष्ण भक्ति के जयकारे गूंजते रहे। तीर्थराज मचकुंड पर जन्माष्टमी के लिए खास धार्मिक कार्यक्रम किए गए। महंत कृष्णदास महाराज की देखरेख में भगवान श्रीकृष्ण का भव्य श्रृंगार कर छप्पन भोग चढ़ाया गया। मंदिर परिसर को सुंदर तरीके से सजाया गया था। दर्शन करने आए भक्तों ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली मांगी। मंदिरों को फूलों से सजाया इसी तरह शहर के मशहूर राधा बिहारी मंदिर को फूलों, सुंदर सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मंदिर में शाम को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियों समेत कई कार्यक्रम होंगे। भक्त देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का बेसब्री से इंतजार करेंगे। आधी रात में जन्मोत्सव के बाद महाआरती और प्रसाद बांटा जाएगा। झांकियों ने मोहा मन जन्माष्टमी के लिए जिले के दूसरे बड़े मंदिरों में भी खास तैयारियां की गई हैं। मंदिरों में भगवान कृष्ण और राधा की मूर्तियों का खास श्रृंगार किया गया है। कई जगहों पर सुंदर झांकियां भी सजाई गई हैं। भक्तों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने जरूरी इंतजाम किए हैं। शाम के बाद मंदिरों में भक्तों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। पूरे धौलपुर में जन्माष्टमी को लेकर भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है।