धौलपुर में शिक्षक दिवस पर चकोली शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास समिति ने एक सम्मान समारोह किया। यह कार्यक्रम शनिवार को श्याम कॉम्पलेक्स में हुआ। इसमें 80 प्रतिशत या उससे ज्यादा नंबर लाने वाले 36 होनहार छात्रों को छात्रवृत्ति और सम्मान दिया गया। साथ ही शिक्षा, समाजसेवा और खेल के क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले खास लोगों को भी सम्मानित किया गया। राजकीय महाविद्यालय धौलपुर के प्रिंसिपल डॉ. गिर्राज सिंह मीणा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ पढ़ाने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज का आइना होता है। शिक्षक अपने व्यवहार और संस्कारों से आने वाली पीढ़ी के साथ पूरे समाज की दिशा तय करते हैं। समाज बनाने में शिक्षक की भूमिका बहुत जरूरी है। 'स्कॉलरशिप देकर हौसला बढ़ाना है अच्छी पहल' पूर्व वाइस चांसलर डॉ. मनरूप सिंह मीणा ने समिति के काम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और होनहार छात्रों को छात्रवृत्ति देकर उनका हौसला बढ़ाना एक बढ़िया पहल है। डॉ. ए.के. बेरी ने कहा कि बदलते समाज में शिक्षकों की जिम्मेदारी ज्यादा हो गई है। छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और संस्कारों की शिक्षा देना भी जरूरी है। समिति के कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि भविष्य में और ज्यादा छात्रों को छात्रवृत्ति देने की योजना है। ताकि पैसे की कमी के कारण किसी भी होनहार छात्र की पढ़ाई पर असर न पड़े। समारोह में पूर्व उप प्राचार्य प्रोफेसर अनिल कुमार बेरी, सेवानिवृत्त शिक्षक विशंभर दयाल शर्मा और जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान को शिक्षा एवं खेल क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों में निशा कुमारी, लवी, मनजीत सिंह जादौन, उपासना, कीर्ति चौहान, पूजा, मनोज कुमार, कंचन, छवि सोनी, आशु, शिवानी, खुशबू परमार, रक्षा सैन, मधु कुमारी, राखी प्रजापति, पवन, मधु, सौरभ राजपूत, जानवी मुद्गल, तरंग, राखी, साक्षी, अनु, प्राची, सलोनी, सुखदेवी, अलीशा, नीलम, विष्णु, स्नेहा, वर्षा, खुशी पाराशर, सुधा कुमारी, वैष्णवी और अनन्या शर्मा शामिल रहे।