धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने ट्रक से सर्फ एक्सल और अन्य सामान चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए सर्फ एक्सल पाउडर के 121 पैकेट बरामद किए गए हैं। निहालगंज थानाधिकारी देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में मोहन कॉलोनी, धौलपुर निवासी सचिन उर्फ भूरा (21) पुत्र श्याम किशोर और निहालगंज थाना क्षेत्र के जिरौली का पुरा निवासी शिवम उर्फ भोलू उर्फ चुलुआ (23) पुत्र दिलीप कुमार शामिल है। बरामद पैकेट 500-500 ग्राम के हैं। 18 कट्टे सर्फ एक्सल और 4 कार्टन फेसवॉश हुए थे चोरी मामले के अनुसार फतेहसिंह का पुरा निवासी अभिमन्यु सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। वह ट्रक का ड्राइवर है। उसने बताया कि 11 और 12 जुलाई की मध्यरात्रि करीब 11:30 बजे उसने ट्रक को राजाखेड़ा बाईपास रोड पुल से पहले सड़क किनारे खड़ा किया था। सुबह उठने पर ट्रक से 18 कट्टे सर्फ एक्सल और 4 कार्टन फेसवॉश गायब मिले। इस शिकायत के आधार पर निहालगंज थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने चोरी गए सामान की तलाश शुरू की और जांच के दौरान 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।