डीडवाना में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन शनिवार को 54 उम्मीदवारों ने अपने पर्चे दाखिल किए। कांग्रेस, भाजपा, आरएलपी के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मैदान में उतरने के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। 27 तारीख को 4 पर्चे दाखिल किए गए अब तक कुल 58 पर्चे दाखिल किए जा चुके हैं। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे। सुबह करीब 10 बजे से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का आना शुरू हो गया था, जिससे दोपहर तक कार्यालय परिसर और आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। दिनभर एसडीएम कार्यालय में गहमागहमी का माहौल रहा। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अभ्यर्थी 3 सितंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के बाद चुनावी मैदान में बचे प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी। 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा, जबकि मतदान 9 सितंबर को होगा। मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी। डीडवाना नगर परिषद के नए बोर्ड के गठन के लिए होने वाले इन चुनावों में शहर के लगभग 44,233 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उल्लेखनीय है कि डीडवाना नगर परिषद के वर्तमान बोर्ड का कार्यकाल वर्ष 2024 में पूरा हो चुका है। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही डीडवाना में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के प्रत्याशी मतदाताओं को साधने में जुट गए हैं। नाम वापसी के बाद चुनावी मैदान की तस्वीर साफ होने के साथ ही प्रचार अभियान भी जोर पकड़ने की उम्मीद है।