आगामी निकाय चुनावों को देखते हुए नागौर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मुख्य सरगना सहित 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी के निर्देशन में डीएसटी और खाटूबड़ी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 6 अत्याधुनिक अवैध पिस्टल और 24 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य सप्लायर ओमप्रकाश देहडू को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार खरीदने वाले तीन अन्य आरोपियों सुरेश राड़ (32), श्रवणराम (36) और ओमप्रकाश (34), तीनों निवासी ढेहरी, थाना खाटूबड़ी को पकड़ लिया। पुलिस ने मुख्य सरगना ओमप्रकाश के पास से 3 पिस्टल और 10 कारतूस, सुरेश राड़ के पास से 1 पिस्टल और 10 कारतूस, श्रवणराम के पास से 1 पिस्टल तथा ओमप्रकाश के कब्जे से मेड इन यूएसए लिखी हुई 1 पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़ा गया अवैध हथियार तस्करी गिरोह का सरगना ओमप्रकाश उर्फ ओमाराम निवासी दोतीणा, हाल ढेहरी है। गिरोह पिछले करीब दो साल से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के कारोबार में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य मध्यप्रदेश के तस्करों से आधुनिक पिस्टल और अन्य अवैध हथियार बहुत कम दामों पर खरीदकर लाते थे। इसके बाद इन हथियारों को नागौर सहित प्रदेश के कई जिलों और आसपास के इलाकों में कुख्यात तस्करों और व्यापारियों को भारी-भरकम मुनाफे पर बेचा जाता था। अंतरराज्यीय गैंग के 12 आरोपी पकडे़, पांच वाहन जब्त सीकर (नीमकाथाना) | सीकर डीएसटी व नीमकाथाना सदर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली की हाइटेंशन लाइन के वायर चोरी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त दो आईफोन, दो बाइक, एक पिकअप, कार व थार जीप बरामद कर जब्त की। पूछताछ में आरोपियों ने दर्जनों स्थानों पर हाइटेंशन लाइन के वायर चोरी की वारदातें कबूली हैं। एसपी ने बताया कि नीमकाथाना सदर व डाबला थाना क्षेत्र में करीब 103 किमी लंबी हाइटेंशन लाइन के वायर चोरी हुए थे। इसकी बाजार कीमत करीब 6 करोड़ रुपए है। नीमकाथाना में हाइटेंशन लाइन 765 केवी डी/सी सीकर-2 से नरेला टीएल प्रोजेक्ट के तहत बिछाई जा रही है। स्किपर लिमिटेड नीमकाथाना के असिस्टेंट मैनेजर दीपांशकर देवनाथ ने 9 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट में बताया गया कि 11 जुलाई को कैरवाली के पास, 12 जुलाई को बंधाला-भोपालपुरा गांव के पास, 5 अगस्त को सेडूकाबास गांव के पास और 6 अगस्त को मांवडा खुर्द के पास चोरों ने कंडक्टर तार और उससे जुड़ा अन्य सामान चोरी कर लिया।