डूंगरपुर में भाजपा ने निकाय चुनावों के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर की गैप सागर झील की पाल पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन और चुनावी जनसभा हुई। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। सम्मेलन में संगठन जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, नगरपरिषद चुनाव प्रभारी वंदना मीणा, पूर्व राज्यसभा सांसद हर्षवर्धन सिंह और जिला अध्यक्ष अशोक पटेल सहित कई प्रमुख भाजपा नेता व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। मंत्री खराड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि विपक्ष के पास जनता के सामने जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि विपक्षी दल छोटी-छोटी लड़ाइयों, आपसी विवादों और भ्रामक प्रचार का सहारा लेकर कार्यकर्ताओं व आम जनता को भड़काने का प्रयास करेंगे।