नगर निकाय चुनावों को लेकर शनिवार को नामांकन के दूसरे दिन कई प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए। एसडीएम ऑफिस पर सुबह से ही नामांकन के लिए प्रत्याशियों की लाइनें रही। डूंगरपुर नगर परिषद के लिए दूसरे दिन 24 नामांकन पेश किए गए। इसमें 18 भाजपा ओर 6 नामांकन कांग्रेस से भरे गए हैं। पहले दिन भाजपा से एक नामांकन भरा गया था। ऐसे में अब तक 25 नामांकन जमा हो चुके है। हालांकि अभी तक भाजपा, कांग्रेस ओर तीसरी पार्टी बीएपी से किसी भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि सभी पार्टियां आखरी दिन 31 अगस्त को ही अपने प्रत्याशियों की सूचिया जारी करेगी। डूंगरपुर नगर परिषद के 40 वार्डों के लिए सुबह 10 बजे से भाजपा ओर कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ ही उनके समर्थकों की भीड़ रही। भाजपा से कई पुराने पार्षदों ओर कार्यकर्ताओं ने भी आवेदन किए। वहीं, कई आवेदन लेकर गए। आवेदन लेने के लिए बाहर ही अलग से काउंटर लगाया गया था, जबकि जमा करवाने के लिए अंदर 2 काउंटर लगे थे। एक काउंटर पर रसीद काटने के साथ ही दूसरे पर जांच की जा रही थी। इसके बाद एसडीएम सोनू गुर्जर के सामने प्रत्याशियों ने नामांकन पेश किए। दोपहर 3 बजे तक 24 नामांकन जमा हुए, जिसमें 18 आवेदन भाजपा से जमा हुए हैं। वहीं, 6 आवेदन कांग्रेस से जमा हुए हैं। इसमें कई पुराने पार्षद या फिर उनके परिवार के लोगों ने भी आवेदन किया है। हालांकि अभी तक किसी भी पार्टी की ओर से कोई टिकिट की घोषणा या सूची जारी नहीं की गई है। पूर्व पार्षद, उनकी पत्नी भी मैदान में निकाय चुनावों को लेकर भाजपा की ओर से कई पूर्व पार्षदों ने भी दावेदारी की है। इसमें भाजपा से पूर्व पार्षद रहे मुकेश श्रीमाल, एडवोकेट जितेंद्र सिंह ने नामांकन भरा है, जबकि भाजपा से पार्षद बृजेश सोमपुरा ने अपने वार्ड से इस बार पत्नी निता सोमपुरा का आवेदन किया है। भाजपा से पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष ओर अन्य कई बड़े दावेदार भी आवेदन ले चुके हैं। वहीं, कांग्रेस से पूर्व जिलाध्यक्ष वल्लभरम पाटीदार के भाई ओर क्रय विक्रय सहकारी समिति के अध्यक्ष रतनलाल पाटीदार ने भी आवेदन किया है।