डूंगरपुर में नगर निकाय आम चुनाव 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर देशलदान और जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने रविवार को नगर परिषद डूंगरपुर क्षेत्र के क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर स्ट्रॉन्ग रूम, मतदान कक्ष और मतगणना कक्ष की व्यवस्थाएं जांचीं। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों के साथ ईवीएम की सुरक्षा, मतदान दलों की आवाजाही और मतगणना से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली। स्ट्रॉन्ग रूम से मतगणना कक्ष तक जायजा निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न स्थलों का दौरा किया। उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, मतदान कक्षों में उपलब्ध व्यवस्थाओं और मतगणना कक्ष की तैयारियों को देखा। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। क्रिटिकल बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस क्रिटिकल मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी मनीष कुमार ने पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील और क्रिटिकल बूथों पर पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा प्रबंध और मतदान के दौरान संभावित चुनौतियों को लेकर जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदाताओं की सुविधा के भी निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष एवं सुचारू मतदान के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए। ये अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र रेगर, रिटर्निंग अधिकारी डूंगरपुर सोनू कुमार गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त ललित सिंह देथा और सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चुनाव से पहले सभी तैयारियों को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।