हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में बोलेरो गाड़ी पर फायरिंग की कथित घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पत्नी से चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते ससुराल पक्ष पर दबाव बनाने और उन्हें झूठे केस में फंसाने के लिए आरोपी इमरान खान उर्फ माणा ने कथित तौर पर अपनी ही बोलेरो पर फायरिंग की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक बुलेट हेड और एक खाली कारतूस बरामद किया है। निर्माणाधीन गुरुद्वारे के पास मिली बोलेरो सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि 28 अगस्त की शाम को जंक्शन थाने के कॉन्स्टेबल चंद्रविजय को सूचना मिली थी कि धोलीपाल और रोड़ांवाली के बीच 13 एएमएके (AMAK) के पास स्थित एक निर्माणाधीन गुरुद्वारे के निकट बोलेरो गाड़ी पर फायरिंग की घटना हुई है। बोलेरो में 5 लोग सवार हैं और इनके पास अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना मिलते ही हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस के साथ एजीटीएफ (एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स), डीएसटी (जिला विशेष टीम) और सदर थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। उप निरीक्षक गजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने बोलेरो नंबर आरजे 31 यूए 3922 को रोककर उसमें सवार पांचों लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी में कट्टा और कारतूस बरामद पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली तो आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक बुलेट हेड और एक खाली कारतूस का खोल बरामद हुआ। इसके बाद हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच उप निरीक्षक चूका द्वारा की जा रही है। ससुराल वालों को फंसाने के लिए खुद चलाई गोली पुलिस पूछताछ में आरोपी इमरान खान उर्फ माणा, निवासी हनुमानगढ़ टाउन, ने बताया कि उसका ससुराल गांव गाहड़ू में है और पत्नी के साथ लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा है। पुलिस के अनुसार पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मुकदमेबाजी हुई है और विवाद से जुड़ा एक मामला हनुमानगढ़ टाउन थाने में दर्ज बताया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार 28 अगस्त को इमरान के परिवार और उसके ससुराल पक्ष के बीच पंचायत होनी थी। आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष पर दबाव बनाने और उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराने के उद्देश्य से इमरान ने कथित तौर पर खुद अपनी बोलेरो पर गोली चलाई। ये पांच आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में मुनाफ अली (38), शकीम अकरम उर्फ गंगू (23), इमरान खान उर्फ माणा (24), नाजिम अली उर्फ निक्का (32) और पवन सिंह (28) को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ आरोपी हनुमानगढ़ और कुछ श्रीगंगानगर जिले के निवासी बताए गए हैं। हथियार कहां से आया, जांच जारी पुलिस अब आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध हथियार कहां से खरीदा गया था, फायरिंग की कथित साजिश में पांचों की क्या भूमिका थी और आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज है या नहीं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और फायरिंग की पूरी घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।