हनुमानगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की रोकथाम, नशा तस्करों और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस दौरान जिलेभर में 302 संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर कुल 112 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एसपी बी आदित्य के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। एएसपी अरविंद और नोहर एएसपी गीता चौधरी के निकटतम सुपरविजन में जिला पुलिस की 219 पुलिसकर्मियों की 48 टीमें गठित की गई थीं। अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट में 2 मामले दर्ज कर 3 आरोपियों को पकड़ा गया। इसी तरह, आबकारी अधिनियम के तहत 4 मामले दर्ज हुए, जिनमें 3 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनके कब्जे से 4 लीटर हथकढ़ शराब और 334 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुई। यह कार्रवाई नोहर, संगरिया, पल्लू और पीलीबंगा थाना क्षेत्रों में की गई। आर्म्स एक्ट के तहत 2 मामले दर्ज कर 2 आरोपियों को धारदार कापा सहित गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, अन्य धाराओं में 2 मामले दर्ज कर 2 और आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने 5 जघन्य मामलों में वांछित अपराधियों, 16 सामान्य मामलों में वांछित, 1 हिस्ट्रीशीटर/हार्डकोर और 8 स्थायी वारंटियों सहित उद्घोषित तथा बीएनएस की धारा 355 के वारंटियों को भी गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन, हनुमानगढ़ टाउन, भिरानी, गोगामेड़ी, तलवाड़ा, संगरिया, पीलीबंगा, नोहर और भादरा थाना क्षेत्रों में हुई। इसके अलावा, 73 गैरसायलों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।