हनुमानगढ़ में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 16 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) और 16 किलो 948 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पहली कार्रवाई गोलूवाला थाना क्षेत्र में हुई। गश्त के दौरान एजीएमडब्ल्यू नहर पटड़ा के पास पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 16 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने बाइक भी जब्त कर ली। इस मामले में वार्ड नंबर 5, लोंगवाला निवासी योगेश कुमार उर्फ मोटी (25) पुत्र मदनलाल नायक को गिरफ्तार किया गया। दूसरी कार्रवाई टिब्बी थाना पुलिस ने की। पुलिस टीम ने 16 किलो 948 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर 3, पन्नीवाली, थाना टिब्बी निवासी सोनू (22) पुत्र गुरदेव सिंह रायसिख और वार्ड नंबर 1, फतेहपुर, थाना संगरिया निवासी अंग्रेज सिंह (22) पुत्र श्याम सिंह रायसिख के रूप में हुई है।