हनुमानगढ़ की रावतसर पंचायत समिति क्षेत्र की मोटेर ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी को हटाने की चर्चा के विरोध में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ग्राम विकास अधिकारी को पद पर बनाए रखने की मांग की। उनका आरोप है कि करीब तीन साल से पंचायत में अच्छा काम कर रहीं ग्राम विकास अधिकारी को राजनीतिक दबाव के चलते परेशान किया जा रहा है और उन्हें एपीओ करने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने पांच दिन में निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक ग्राम विकास अधिकारी को पद पर बनाए रखने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर ग्राम पंचायत में तालाबंदी सहित आंदोलन की चेतावनी दी गई है। अच्छा काम करने के बावजूद परेशान करने का आरोप कांग्रेस नेता गौरीशंकर थोरी ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी पंचायत घर आने वाले हर व्यक्ति का काम प्राथमिकता से करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता मातृशक्ति का अपमान कर रहे हैं। थोरी ने कहा कि जो कर्मचारी अच्छा काम कर रहे हैं, उन्हें राजनीतिक दबाव में परेशान नहीं किया जाना चाहिए। चारों गांवों में विकास कार्यों में सहयोग मोटेर सरपंच संदीप कुमार चावरिया ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी ने कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। पंचायत के चारों गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए भी ग्राम विकास अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम किया है। सरपंच के अनुसार, इसके बावजूद उन्हें पंचायत से हटाने की कोशिश की जा रही है। शिकायत की बात पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल जनप्रतिनिधियों ने विकास अधिकारी से ग्राम विकास अधिकारी को हटाने का कारण पूछा तो उन्हें शिकायत होने की बात बताई गई। ग्रामीणों ने इस शिकायत को झूठा बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पांच दिन के भीतर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक ग्राम विकास अधिकारी को वर्तमान पद पर ही रखा जाए। मांग नहीं मानी तो तालाबंदी की चेतावनी ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो ग्राम पंचायत में तालाबंदी सहित आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि बिना निष्पक्ष जांच के किसी कर्मचारी को हटाना उचित नहीं है। थोरी बोले- अच्छे कर्मचारियों के हक की लड़ाई जारी रहेगी कांग्रेस नेता गौरीशंकर थोरी ने भाजपा सरकार पर कर्मचारी, किसान, मजदूर और नौजवान विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी के समर्थन में उनके हक की लड़ाई जारी रखने की बात कही। ये लोग रहे मौजूद ज्ञापन देने वालों में सरपंच धर्मपाल थालोड़, सरपंच गौरीशंकर शर्मा, भंवरनाथ गॉड, महेंद्र स्वामी, प्रेम चाहर, मुखराम मोयल, चेतराम चाहर, देवकरण शर्मा, मंगलाराम बिजारणिया, रणवीर बिजारणिया, प्रेमदास, बद्रीदास, भूपनाथ, रोहित शर्मा, गणेश भार्गव, इंद्राज रायका, सोहनलाल मेघवाल, पुनाराम, रामनाथ, डूकलराम और पप्पूराम सहित अन्य ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।