हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हरिपुरा चौराहे पर हुए भीषण सड़क हादसे में 12 साल के एक नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके भाई समेत दो नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ‘राजस्थान सरकार’ लिखी बोलेरो और बाइक की जोरदार टक्कर से हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार नाबालिग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बोलेरो ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बाइक पर तीन नाबालिग, एक की मौत हादसे में मृतक की पहचान अनमोल (12) के रूप में हुई है। बाइक पर उसके साथ उसका भाई लक्की (16) और अर्शदीप (14) भी सवार थे। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में अनमोल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लक्की और अर्शदीप को गंभीर चोटें आईं। लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे के बाद हरिपुरा चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायल नाबालिगों को संगरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए हनुमानगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया। श्रीगंगानगर से संगरिया आ रही थी बोलेरो संगरिया पुलिस के अनुसार, ‘राजस्थान सरकार’ लिखी बोलेरो संख्या RJ 13 PA 2725 श्रीगंगानगर की ओर से संगरिया की तरफ आ रही थी। हरिपुरा चौराहे के पास बोलेरो की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। ड्राइवर बोलेरो छोड़कर फरार हादसे के बाद बोलेरो ड्राइवर मौके से भाग गया। मृतक अनमोल के पिता चरणजीत सिंह ने बोलेरो ड्राइवर के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बोलेरो नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ, जांच में जुटी पुलिस थानाधिकारी अमर सिंह ने बताया कि हादसे में अनमोल की मौत हुई है, जबकि लक्की और अर्शदीप गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि टक्कर के समय बोलेरो की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। मृतक के शव को संगरिया अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।