हिण्डोली पुलिस रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को उमर गांव स्थित शहीद जगदेव सिंह के घर पहुंची। थाना प्रभारी अरविंद भारद्वाज और सुनील बिश्नोई सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सलामी दी। इसके बाद शहीद जगदेव सिंह की बेटियों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान शहीद की पत्नी कमला देवी और उनकी मां को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पुलिसकर्मियों ने शहीद परिवार की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प लिया। हिण्डोली पुलिस की इस पहल को शहीद परिवार के लिए खास माना गया। पुलिसकर्मियों ने शहीद की बेटियों से राखी बंधवाकर उन्हें परिवार का सदस्य होने का संदेश दिया। उमर गांव के दो अन्य शहीदों को भी इस अवसर पर याद किया गया। शहीद जगदेव सिंह बेटा हरनाथ सिंह, जो सीआरपीएफ में सेवारत थे, 16 फरवरी 2000 को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान शहीद हुए थे। उनकी पत्नी का नाम कमला देवी है। इसी गांव के शहीद रघुनाथ सिंह पुत्र पोकर लाल भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान 6 अक्टूबर 1965 को शहीद हुए थे। उनकी पत्नी का नाम सोशर देवी है। ग्रामीणों ने उमर गांव के दोनों शहीदों की शहादत को याद किया। रक्षाबंधन पर पुलिस द्वारा शहीद परिवार के घर पहुंचकर सम्मान जताने की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।