प्रदेश के तीन प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों में वरिष्ठ प्रोफेसर्स को दरकिनार कर जूनियर और चहेते शिक्षकों को डीन, डायरेक्टर और अन्य महत्वपूर्ण पद दिए जाने के मामले में राजभवन ने कड़ा संज्ञान लिया है। ‘दैनिक भास्कर’ के खुलासे के बाद राजभवन ने उदयपुर, जोबनेर और जोधपुर कृषि विश्वविद्यालयों से तीन दिन में तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। राजभवन ने तीनों विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और कुलसचिवों से डीन, डायरेक्टर, एस्टेट ऑफिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर हुई नियुक्तियों का पूरा ब्यौरा मांगा है। इसमें चयन प्रक्रिया, पात्रता, वरिष्ठता सूची और नियुक्तियों में अपनाए गए नियमों की जानकारी भी मांगी गई है। ‘दैनिक भास्कर’ ने 29 अगस्त के अंक में ‘कृषि विश्वविद्यालयों में नियम दरकिनार, चहेतों को बांटे डीन और डायरेक्टर के पद’ शीर्षक से खुलासा किया था। रिपोर्ट में तीनों विश्वविद्यालयों में वरिष्ठता, विषय विशेषज्ञता और नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। अब राजभवन ने तीन दिन की समय-सीमा तय कर रिपोर्ट तलब की है। विश्वविद्यालयों से मिले जवाब और दस्तावेजों की समीक्षा के बाद जिम्मेदारी तय करने और नियम विरुद्ध पाई गई नियुक्तियों पर आगे कार्रवाई के निर्देश दिए जा सकते हैं।