भास्कर न्यूज | सादुलपुर एमपी चौक के पास स्थित शिव-हनुमान मंदिर में पूर्णिमा पर शनिवार रात जागरण हुआ। पुजारी पवन पारीक के सानिध्य में नरेश ठेकेदार व कुसुम शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर जागरण का शुभारंभ किया। प्रदीप पारीक व विनोद देवी ने तिलकार्चन कर व दुपट्‌टा पहनाकर अतिथियों का सम्मान किया। जागरण में हिसार की गायिका उषा शर्मा ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उन्होंने कुण जाणे या माया श्याम तेरी..., कान्हा को ढूंढती हूं दुनिया की हर गली में... सहित अन्य भजन प्रस्तुत किए। मुकेश मोदी ने ऊंचे पहाड़ों वाली जगदंबे मां भवानी..., मदनलाल शर्मा ने भरत प्यारा मेरो नाम हनुमान... तथा कपिल शर्मा ने थारे घट में बसे है भगवान... और बम-बम भोलेनाथ सदाशिव... जैसे भजनों की प्रस्तुतियां दी। लाल मोहम्मद ने आ गया मैं दुनियादारी सारी बाबा छोड़के... व थाली भरके ल्यायी रे खिचड़ो... तथा अर्पित शर्मा ने हर भज हर भज हीरा परख ले... सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा सोनू कुमार, रामावतार जांगिड़, राहुल चंदेलिया व दीपकमल ने भी भजन सुनाए। आयोजन समिति सदस्यों ने कलाकारों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।