जयपुर एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन अधिकारियों ने एक यात्री को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ लुक-आउट नोटिस जारी किया गया था। यात्री शुक्रवार सुबह मस्कट की फ्लाइट से जयपुर आया था। इमिग्रेशन अधिकारियों ने जयपुर एयरपोर्ट पर यात्री के उतरते ही उसे पकड़ लिया और एयरपोर्ट थाना पुलिस को सौंप दिया। पिछले दो साल से सवाई माधोपुर पुलिस को उसकी तलाश थी। एयरपोर्ट पुलिस की ओर से आरोपी को सवाई माधोपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। SHO (एयरपोर्ट) विनोद कुमार ने बताया- सवाई माधोपुर के गांव सुरवाल निवासी शाहरुख (32) पुत्र मोहम्मद हुसैन के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी था। साल-2024 में सवाई माधोपुर के महिला थाने में आरोपी शाहरुख के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस की तलाश के दौरान उसके फरार होने पर लुक आउट नोटस जारी किया गया था। सुबह करीब 10:30 बजे वह मस्कट से फ्लाइट पकड़कर जयपुर आया था। जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पहुंचते ही इमीग्रेशन जांच के दौरान अधिकारियों ने उसे पहचान रोक लिया। अधिकारियों ने उससे पूछताछ कर वैरिफिकेशन किया। जानकारी सच पाए जाने पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने यात्री को पकड़कर एयरपोर्ट पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी को सवाईमाधोपुर पुलिस को सौंप दिया।