जयपुर में करीब 4 महीने पहले बदमाशों ने बुकिंग के बहाने बुलाकर बाइक राइडर को लूटा था। बदमाशों ने ड्राइवर विनोद चौधरी को डंडे से जमकर मारा और कैब बाइक व मोबाइल छीन ले गए थे। पुलिस ने लूट मामले में फरार बदमाश विनोद कुमार मीणा (24) निवासी काशीपुरा कोटखावदा को शनिवार रात अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपी से लूटी गई बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करने के साथ फरार साथी बदमाश की तलाश कर रही है। डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया- लूट मामले में फरार साथी बदमाश रोहित मीणा की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पूछताछ में लूटा गया मोबाइल आरोपी रोहित मीणा के पास होना सामने आया है। एसीपी (चाकसू) भवानी सिंह के नेतृत्व में एसएचओ (चाकसू) राजेश गौतम की टीम ने CCTV फुटेजों को खंगाला। फुटेज के आधार पर फरार लुटेरों की तलाश शुरू की। एएसआई राजाराज और कॉन्स्टेबल लालाराम व विमला ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विनोद कुमार मीणा को पकड़ लिया। डंडों से हाथ और सिर पर किया था हमला शिवदासपुरा थाने में 8 मई को विनोद चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें बताया कि रात करीब 10:30 बजे मेरे पास बुकिंग आई। कस्टमर की लोकेशन पर मैं बाइक लेकर बीलवा पहुंचा। वहां मिले दो लड़कों के राइड बुक करने की पूछकर ओटीपी मांगा। इस दारान एक लड़के ने डंडा उठाकर मेरे हाथ-सिर पर हमला कर दिया। ताबड़तोड़ हमले में चोटिल कर मेरी जेब में रखे 2100 रुपए और मोबाइल छीन ले गए। इसके बाद मेरी बाइक भी लूटकर दोनों बदमाश फरार हो गए थे।