श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे की ओर से जयपुर-मथुरा-जयपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन 3 सितंबर से शुरू किया जाएगा। यह ट्रेन नंदोत्सव तक तीन ट्रिप करेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मथुरा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी में शामिल होने के लिए जयपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जाएंगे। इसे देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए यह विशेष ट्रेन शुरू की जा रही है, ताकि जन्माष्टमी पर मथुरा दर्शन के लिए जाने वाले पैसेंजर्स को परेशानी नहीं हो। 3 से 5 सितंबर तक चलेगी जयपुर-मथुरा स्पेशल ट्रेन नंबर 09721 जयपुर-मथुरा अनारक्षित स्पेशल 03 सितंबर से 05 सितंबर तक 3 ट्रिप करेगी। यह ट्रेन जयपुर से दोपहर 1 बजे रवाना होकर शाम 6:50 बजे मथुरा पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 09722 मथुरा-जयपुर अनारक्षित स्पेशल 03 सितंबर से 05 सितंबर तक 3 ट्रिप करेगी। यह ट्रेन मथुरा से रात 8 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2:35 बजे जयपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर भी रुकेगी ट्रेन जयपुर से मथुरा और वापसी के दौरान स्पेशल ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, मालाखेड़ा, अलवर, रामगढ़, गोविंदगढ़, बृजनगर, डीग और गोवर्धन स्टेशनों पर रुकेगी। 17 कोच की होगी अनरिजर्व्ड स्पेशल ट्रेन इस विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें 15 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी, जिससे श्रद्धालु सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे।