जयपुर पोलो के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) के दौरान 18 सितंबर को राजस्थान पोलो ग्राउंड पर पहली बार नाइट मैच का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पोलो ग्राउंड में फ्लड लाइट्स की व्यवस्था की गई है। रात में घोड़ों की रफ्तार और पोलो खिलाड़ियों के रोमांचक खेल को देखने का अनुभव जयपुरवासियों और देशभर से आने वाले लोगों के लिए खास होने वाला है। फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर के पूर्व राजघराने के सदस्य और पोलो खिलाड़ी सवाई पद्मनाभ सिंह से मुलाकात कर आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें आरडीटीएम के साथ आयोजित होने वाले नाइट पोलो मैच की जानकारी भी दी।
फ्लड लाइट्स में पहली बार नाइट पोलो जयपुर में दिन के समय पोलो मैचों का आयोजन लंबे समय से होता रहा है, लेकिन रात में फ्लड लाइट्स की रोशनी में पोलो मैच का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। राजस्थान पोलो ग्राउंड में इसके लिए फ्लड लाइट्स लगाई गई हैं। ऐसे में 18 सितंबर की शाम पोलो ग्राउंड में एक अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। रात के समय रोशनी से जगमगाते मैदान में घोड़ों की तेज रफ्तार, खिलाड़ियों के शॉट्स और दर्शकों का उत्साह इस आयोजन को खास बनाएगा। आयोजन को आरडीटीएम में देशभर से पहुंच रहे ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के लिए भी एक विशेष अनुभव के तौर पर देखा जा रहा है। सवाई पद्मनाभ सिंह ने नाइट पोलो के आयोजन की जानकारी मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने यह जानकर भी प्रसन्नता व्यक्त की कि मैच में देशभर से आने वाले टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक शामिल होंगे। उन्होंने स्वयं भी इस मैच में भाग लेने की बात कही। 17 से 19 सितंबर तक आरडीटीएम राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट का आयोजन 17 से 19 सितंबर 2026 तक जयपुर में किया जाएगा। इसके बाद पहली बार मारवाड़ ट्रैवल मार्ट का आयोजन 20 से 22 सितंबर तक जोधपुर में होगा। आरडीटीएम में देशभर से करीब 300 ट्रैवल एजेंट्स के जयपुर पहुंचने की उम्मीद है। इसके साथ राजस्थान की 700 से अधिक होटल प्रॉपर्टीज और टूर कंपनियां इसमें हिस्सा लेंगी। ट्रैवल मार्ट के जरिए राजस्थान के अलग-अलग पर्यटन स्थलों, होटल्स, रिसॉर्ट्स, टूर पैकेज और पर्यटन अनुभवों को देश के घरेलू बाजार के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, जोधपुर में होने वाले मारवाड़ ट्रैवल मार्ट में करीब 125 ट्रैवल एजेंट्स और लगभग 300 प्रॉपर्टीज की भागीदारी प्रस्तावित है। एफएचटीआर के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह शाहपुरा के नेतृत्व में हुई इस बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र एस. पचार, महासचिव तरुण बंसल, कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह जोधा, संस्थापक सदस्य खालिद खान, कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र सिंह और मार्केटिंग कंसल्टेंट गगन कात्याल मौजूद रहे। आरडीटीएम और एमटीएम का आयोजन एफएचटीआर द्वारा राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान, राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स और इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन सहित विभिन्न पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी संगठनों का भी आयोजन में सहयोग रहेगा।