जयपुर में सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने फिर निरीक्षण किया। CJP के पदाधिकारी रविवार को भट्टा बस्ती स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय न्यू संजय नगर पहुंचे। टीम ने बंद पड़े स्कूल भवन का मौका मुआयना किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से बच्चों की पढ़ाई और स्कूल बंद होने से हुई समस्याओं की जानकारी ली। CJP राष्ट्रीय सचिव रेखा शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने स्कूल में लगे ताले को जल्द खोलने की मांग की। टीम ने कहा- स्कूल बंद होने का असर इलाके के रहने वाले बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई छात्र-छात्राएं स्कूल बंद होने के बाद पढ़ाई से दूर हो गए हैं। ऐसे बच्चों की स्थिति जानने के लिए CJP टीम ने उनके परिजनों से भी संपर्क किया। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। लोगों ने स्कूल को दोबारा शुरू करने और बच्चों के लिए नियमित शिक्षा व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई। CJP पदाधिकारियों ने कहा- क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। भोमिया बस्ती के स्कूल भी पहुंचे CJP पदाधिकारी इसके बाद CJP की टीम राजकीय स्कूल भोमिया बस्ती भी पहुंची। यहां स्थानीय लोगों ने स्कूल की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि बच्चों को पिंजरेनुमा जगह में पढ़ाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने स्कूल की चारदीवारी जल्द बनाने की मांग की। उनका कहना है कि स्कूल परिसर की सुरक्षित व्यवस्था जरूरी है। CJP पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। CJP की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर राजधानी के सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं और बच्चों की शिक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।