दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक सड़क हादसे में 22 साल युवक की मौत हो गई। घटना शाम करीब 5 बजे सिरमौर पुलिया के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। नोएड़ा में पढ़ रहा था युवक मृतक की पहचान जयपुर के गांधी पथ, वैशाली नगर निवासी प्रियांशु (22) पुत्र रमेश चौधरी के रूप में हुई है। प्रियांशु नोएडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और अपने तीन भाई-बहनों में से एक था। वह कार से दिल्ली जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर तोड़ा दम सूचना मिलते ही बड़ौदामेव थाना प्रभारी राजकुमार मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एक्सप्रेस-वे की रेस्क्यू टीम और एनएचएआई की एम्बुलेंस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। घायल प्रियांशु को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बड़ौदामेव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोविंदगढ़ थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। परिजनों ने पोस्टमॉर्मट की कार्रवाई से इनकार कर दिया। परिजन शव का पंचनामा कराकर शव लेकर चले गए। बता दें कि कि इसी क्षेत्र में एक दिन पहले भी एक अन्य दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे इस तरह के हादसे चालकों की सतर्कता और गति सीमा के नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।