जयपुर के तालकटोरा तालाब में रविवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दो दिन पहले घर छोड़कर निकली युवती के तालकटोरा में छलांग लगाकर सुसाइड करने का पता चला है। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SHO (नाहरगढ़) भंवर सिंह ने बताया- नाहरगढ़ रोड के गणगौरी बाजार निवासी कशिश कंवर (25) पुत्री बचपन सिंह ने सुसाइड किया है। 28 अगस्त की रात को कशिश घर छोड़कर चली गई थी। घर छोड़कर कशिश के भागने पर परिजन अपने स्तर पर तलाश कर रहे थे। नाहरगढ़ थाने में शनिवार रात करीब 12:30 बजे पुलिसकर्मियों को कशिश को ढूंढने की कहकर परिजन चले गए। रविवार दोपहर करीब 12 बजे तालकटोरा तालाब में युवती की लाश मिली। पानी की सतह पर युवती का शव मिलने का पता चलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को तालकटोरा से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान होने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। परिजनों का आरोप: 3 साल से चल रहा था अफेयर, युवक ने सुसाइड के लिए उकसाया मृतका के परिजनों ने नाहरगढ़ थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में परिजनों का आरोप है कि कशिश का करीब 3 साल से नाहरगढ़ रोड निवासी रवि जड़ेजा से अफेयर चल रहा था। प्रेम-प्रसंग का पता चलने पर रवि के परिजनों से समझाइश भी की गई थी। रवि को कशिश से दूर रहने के बारे में भी समझाया था। परिजनों का आरोप है कि रवि के उकसाने के कारण घर से निकली कशिश ने तालकटोरा तालाब में छलांग लगाकर सुसाइड किया है। पुलिस की ओर से आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है।