जैसलमेर नगर परिषद चुनाव के तहत 45 वार्डों में जारी चुनावी घमासान के बीच भाजपा को तगड़ा सियासी झटका लगा है। वार्ड नंबर 23 से भारतीय जनता पार्टी की अधिकृत प्रत्याशी जया दैया ने ऐन वक्त पर अपना नामांकन वापस लेकर सबको चौंका दिया है। जया दैया के मैदान से हटने के कारण इस वार्ड में भाजपा की अधिकृत दावेदारी समाप्त हो गई है। वहीं, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुमार खान की पत्नी लखमों कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मजबूती से डटी हुई है। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी के हटने के बाद इस वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी लखमों के सामने चार निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। इन निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी से मुकाबला बहुकोणीय और दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है। वार्ड 23 में बदला समीकरण जैसलमेर नगर परिषद के कुल 45 वार्डों में पार्षद पद के लिए घमासान जारी है। वार्ड 23 से भाजपा प्रत्याशी जया दैया द्वारा पर्चा उठाने के बाद मुकाबला अब मुख्य रूप से कांग्रेस प्रत्याशी लखमों और निर्दलीय उम्मीदवारों के बीच सिमट गया है। मैदान में डटे निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा प्रत्याशी के हटने के बाद इस वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी लखमों के सामने चार निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में डटे हैं। इनमें सुगना देवी, मदीना, नसीबा बानो और शुभानि खातून शामिल हैं। इन निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी से मुकाबला बहुकोणीय और दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है।